वाराणसी, 26 अप्रैल 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपना नामांकन किया। उन्होंने वाराणसी से अपना पर्चा दाखिल किया। उन्होंने स्थानीय डीएम को अपना हलफनामा भी सौंपा। नामांकन के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, अकाली दल के अध्यक्ष प्रकाश सिंह बादल समेत एनडीए के अन्य नेता भी साथ रहे।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने बूथ अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मोदी सबसे ज्यादा वोट से जीते या न जीते, लोकतंत्र जीतना चाहिए। उन्होंने कहा कि काशी को तो कल ही जीत लिया। उनका इशारा गुरुवार को उनके द्वारा किए गए मेगा रोड शो में उमड़े जनसैलाब की ओर था। गुरुवार को प्रधानमंत्री ने रोड शो कर अपनी ताकत का एहसास कराया था।