लखनऊ, 30 अप्रैल 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
मध्य प्रदेश के गुना लोकसभा सीट पर कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया को टक्कर देने के लिए बहुजन समाजवादी पार्टी सुप्रीमो मायावती ने लोकेंद्र सिंह राजपूत को उम्मीदवार बनाया था। वहीं कांग्रेस ने लोकेंद्र सिंह को पार्टी में शामिल कर मायावती को नाराज़ कर दिया है। मायावती मंगलवार को ही लखनऊ वापस लौटी हैं। वापस लौटते ही उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर हमला बोला है। मायावती ने ट्वीट करते हुए दोनों राजनीतिक पार्टियों पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।
मायावती ने अपनी नाराजगी की वजह भी अपने ट्वीट में स्पष्ट कर दी है। मायावती ने अपने पहले ट्वीट में कहा है कि एमपी के गुना लोकसभा सीट पर बीएसपी उम्मीदवार को कांग्रेस ने डरा-धमकाकर जबर्दस्ती बैठा दिया है किन्तु बीएसपी अपने सिम्बल पर ही लड़कर इसका जवाब देगी व अब कांग्रेस सरकार को समर्थन जारी रखने पर भी पुनर्विचार करेगी।