लखनऊ, 18 जून 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
नेपाल से भ्रमण पर आए पत्रकारों का सात सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने पिछले दिनों यू•पी• प्रेस क्लब के यूनियन भवन में बैठक कर विचार विमर्श किया। नेपाल और भारत के बीच पत्रकारिता जगत में आपसी संबंध मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। इस पर यू•पी• वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी व महामंत्री प्रेम कान्त तिवारी, लखनऊ वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के अध्यक्ष शिव शरन सिंह, महामंत्री के• विश्व देव राव, सचिव विनीता रानी विन्नी तथा नेपाल फाउंडेशन के पदाधिकारियों के बीच हुई वार्ता में उक्त विचार रखे गए।
नेपाल फाउंडेशन के अध्यक्ष विकास ठाकुर के नेतृत्व में अवंती सिन्हा लाल, युवराज गौतम, कोमल भट्ट व महेश गौतम के साथ समाजवादी चिंतक, प्रसपा के प्रवक्ता दीपक मिश्रा साथ में उपस्थित रहे। आपसी बातचीत में भारत और नेपाल के राजनीतिक संबंधों पर भी चर्चा की गई। लखनऊ मण्डल यूनियन के प्रवक्ता जे• पी• शुक्ला ने सभी का स्वागत किया।