बीएचयू : विश्वविद्यालय को पुनः खोलने पर चर्चा के लिए कुलपति ने की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता



वाराणसी-उत्तर प्रदेश,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।

■ आगामी सेमेस्टर परीक्षाओं के बाद अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए कोविड मानकों के पालन के तहत खोले जाएंगे संस्थान, विभाग व छात्रावास

■ 5 जनवरी, 2021 से प्रारंभ होने वाली सेमेस्टर परीक्षाएं होंगी ओपन बुक एक्ज़ाम मोड में

■ केन्द्रीय ग्रंथालय में प्रतिदिन दो शिफ्टों में 300 विद्यार्थियों (150 विद्यार्थी प्रति शिफ्ट) को अध्ययन की व्यवस्था

वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण पठन-पाठन गतिविधियां व्यापक रूप से प्रभावित हुई हैं। ऐसे में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, छात्रों के हितों के मद्देनज़र ऑनलाइन पठन पाठन में तेज़ी समेत अनेक कदम उठा रहा है। कोविड काल में विश्वविद्यालय में कक्षाओं के संचालन व छात्रावासों को खोलने से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा के लिए कुलपति प्रो• राकेश भटनागर ने गुरुवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में रेक्टर प्रो• वी• के• शुक्ला, कुलसचिव डॉ• नीरज त्रिपाठी, छात्र अधिष्ठाता प्रो• एम• के• सिंह, विभिन्न संस्थानों के निदेशक, संकाय प्रमुख, मुख्य आरक्षाधिकारी, परीक्षा नियंता व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इस दौरान विश्वविद्यालय को चरणबद्ध तरीके से खोलने के बारे में विभिन्न संकायों के स्तर पर गठित समितियों की रिपोर्टों पर विचार विमर्श किया गया। विभिन्न पहलुओं पर व्यापक चर्चा के बाद ये निर्णय लिया गया कि भारत सरकार द्वारा कोविड महामारी से बचाव के लिए जारी दिशानिर्देशों व मानकों का पालन करते हुए विभिन्न संस्थानों, संकायों, विभागों, केन्द्रों एवं छात्रावासों को अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आगामी सेमेस्टर परीक्षाओं के तुरंत बाद खोला जाएगा।

बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि पूर्व में घोषित शैक्षणिक कैलेण्डर के अनुरूप 5 जनवरी, 2021 से शुरू होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं का आयोजन ओपन बुक एक्ज़ाम मोड में किया जाएगा। संकायों एवं छात्रावासों को खोलने के लिए सरकार द्वारा जारी कोविड दिशानिर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य संबंधी तैयारियों और छात्रावासों एवं पुस्तकालय की साफ सफाई तथा दवा आदि के छिड़काव में समय लगेगा, जिसे विश्वविद्यालय द्वारा न्यूनतम समय में पूरा कर लिया जाएगा। कक्षाएं प्रारंभ करने के लिए विभिन्न संकायों द्वारा शेड्यूल तैयार किया जाएगा जिसे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। विश्वविद्यालय खुलने के पश्चात विद्यार्थियों को कोविड मानकों का पालन करना होगा व छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को अपने अभिभावकों से प्रमाणित एक “अनापत्ति प्रमाण पत्र” जमा करना होगा। इस का फॉर्मेट विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए केन्द्रीय ग्रंथालय को भारत सरकार द्वारा जारी कोविड दिशानिर्देशों के अनुरूप खोला जाएगा ताकि प्रतिदिन 300 विद्यार्थी 2 पालियों में (150 विद्यार्थी प्रति शिफ्ट) केन्द्रीय ग्रंथालय में अध्ययन कर सकें। इस संबंध में जानकारी ग्रंथालय प्रशासन द्वारा विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News