वार्षिक राशिफल 2021



--डॉ• इंद्र बली मिश्रा,
काशी हिंदू विश्वविद्यालय,
वाराणसी-उत्तर प्रदेश, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

साल 2021 की शुरूआत में गुरू मकर राशि में होंगे तथा 6 अप्रैल को कुम्भ में प्रवेश करेंगे। पुनः 14 सितंबर को वक्री होकर मकर में आ जाएंगे। इसके बाद 21 नवम्बर को पुनः कुम्भ राशि में प्रवेश कर जाएंगे और शनि मकर राशि में ही रहेंगे। राहु वृष राशि में तथा केतु वृश्चिक राशि रहेंगे।

■ वार्षिक राशिफल 2021

● मेष राशिफल 2021 : मेष राशि के जातकों के लिए इस वर्ष उनकी आर्थिक स्थिति पिछले वर्ष के मुकाबले बेहतर रहेगी। आप पर शनि का गोचर राशि से अष्टम भाव में मकर राशि में होने से शनि की दृष्टि धन भाव में रहेगी, जिससे धन को लेकर आवक बढ़ेगी और खर्चो में कमी आएगी।करियर के नजरिए से आपके लिए वर्ष के शुरूआत में ही नौकरी में अच्छे मौके मिलेंगे।

वर्ष 2021 के मई से लेकर अक्तूबर तक ग्रहों के वक्री होने पर नौकरी और व्यवसाय दोनों क्षेत्र मे बहुत ही सावधानी रखने की आवश्यकता होगी। मेष राशि के जातकों को जून के बाद साथी कर्मचारियों की वजह से तनाव हो सकता है। इसलिए धैर्य के साथ अपनी बात को रखने का प्रयास करें। इस वर्ष के अन्त में आप नौकरी बदल सकते हैं और जिनके पास नौकरी नहीं हैं, उन्हें भी मनचाही जगह पर काम करने का अच्छा मौका मिलेगा। शंकर जी की आराधना लाभप्रद है।


● वृषभ राशिफल 2021 : वृषभ राशि के जातकों पर वर्ष 2021 में राहु का गोचर बना रहेगा, जिससे इस राशि वाले इस वर्ष कुछ भ्रम सा महसूस करेंगे और अपने निर्णय को बार-बार बदलेंगे। आर्थिक नजरिए से वर्ष 2021 मिलाजुला सा रहने वाला रहेगा। आपके काम में रुकावटें आने की वजह से आय में बाधा उत्पन्न होगी। हालांकि अप्रैल के बाद अचानक धन लाभ के योग बनने से आपके सभी रुके काम चल निकलेंगे, लेकिन इस समय में धन का सही इस्तेमाल करें।

आपके लिए सिंतबर 2021 में जमीन में निवेश के लिए समय बहुत ही बढ़िया रहेगा। जमीन के सौदे से आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। हनुमान जी की आराधना करना चाहिए।


● मिथुन राशिफल 2021 : मिथुन राशि के जातकों के लिए वर्ष 2021 में शनि ग्रह अष्टम भाव में गोचर कर रहा हैं और राहु द्वादश भाव में गोचर करेंगे। इस कारण से इस वर्ष अपने खर्चे का अधिक ध्यान रखना होगा। इस वर्ष मार्च के बाद मिथुन राशि के जातकों की आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर हो जाएगी। अगर आप कोई भी बड़ा निवेश करना चाहते हैं इस वर्ष थोड़ा संभलकर करें। घर या वाहन लेने का सपना इस वर्ष पूरा होगा।

अगर करियर और व्यापार के नजरिए से देखा जाए तो इस वर्ष मिथुन राशि के जातकों पर शनि का प्रभाव काफी रहेगा। ऐसे में आपको व्यापार के लेन-देन में सावधानी बरतनी पड़ेगी। वहीं जिन जातकों के व्यापार में बाधा पैदा हुई है वर्ष के मध्य में कोई बंद किया हुआ व्यापार फिर से शुरू हो सकता है। वहीं जिन जातकों की नौकरी चली गई थी उन्हें दोबारा मिल सकती है। नौकरी करने वालों के लिए वर्ष की शुरुआत तो बेहतर रहेगी लेकिन साल के बीच में नई नौकरी की कोशिश न करें। मिथुन राशि के कुछ जातकों को विदेशों से नए और अच्छे मौके मिलने की भी संभावना है। गणपति जी की आराधना उत्तम है।


● कर्क राशिफल 2021 : कर्क राशि के जातकों के लिए वर्ष 2021 में शनि के गोचर का प्रभाव बना रहेगा जिस कारण से यह वर्ष अनुशासन और मेहनत से भरा होगा। धन के मामले में आपको मानसिक तनाव हो सकता है, इसलिए पैसों को खर्च करते समय सावधानी बरतें। वहीं मार्च से अचानक कोई धन के निवेश का योग बन रहा है। ऐसे में आपकी आर्थिक स्थिति सालभर मिलीजुली रहने वाली होगी। मई के बाद अधिक खर्च की वजह से आप अपने धन को संभाल नहीं पाएंगे। बेहतर होगा कि इस समय में आप अपने धन को संभालकर रखें। तभी बचत हो सकती है। साल के अंत होने पर आपकी आर्थिक स्थिति में आपको मजबूती मिलनी शुरू हो जाएगी। बस संयम के साथ निर्णय लेनी की जरूरत है।

कर्क राशि के जातकों के लिए वर्ष 2021 के शुरुआती महीने में व्यापार में बहुत अच्छे मौके प्राप्त होंगे। आपकी नई व्यापार नीति सफल साबित होगी। यह वर्ष व्यापार में धन निवेश के लिए बेहतर रहेगा। इस साल आपकी यही मेहनत रंग लाएगी। कार्य को लेकर देश-विदेश का दौरा रहेगा और मेहनत से नये प्रोजेक्ट और डील में सफलता मिलेगी। वहीं नौकरी करने वाले लोग नौकरी करते समय विशेष सावधानी बरतें। साल के अंतिम महीने में आपको प्रमोशन के साथ नये प्रोजेक्ट भी दिए जाएंगे, जिसको आप बहुत ही लगन और मेहनत के साथ खत्म करेंगे। हनुमान जी का ध्यान करें।


● सिंह राशिफल 2021 : सिंह राशि वालों की आर्थिक स्थिति में काफी उन्नति आएगी। जिन जातकों की नौकरी चली गई है उन्हें दोबारा नौकरी मिल सकती है एवं व्यापार की स्थिति में भी सुधार होगा।अगर बात की जाए पारिवारिक जीवन के बारे में तो सिंह राशि वालों का पारिवारिक जीवन इस वर्ष कुछ संघर्ष भरा रहेगा जिससे मानसिक तनाव भी बना रहेगा। वर्ष के अंत में घर में किसी उत्सव का आयोजन भी हो सकता हैं। घर में किसी नये मेहमान के आने से खुशियों का माहौल बनेगा। प्रेम और विवाह के लिहाज से यह वर्ष मिलाजुला रहेगा।

इस वर्ष वैवाहिक जीवन में आपसी मतभेद बन सकता है और गलतफहमी की वजह से आपसी तकरार भी चलती रहेगी। सेहत के नजरिए से आपको अपनी सेहत पर विशेष ध्यान देने की आवश्कता होगी। भगवान विष्णु का ध्यान करें।


● कन्या राशिफल 2021 : कन्या राशि वालों के परिवार के लिए यह वर्ष बेहतर जाने वाला है। घर के सदस्यों के साथ भी कुछ समय से अगर खटास चल रही थी, वह भी इस वर्ष कम होने से आपसी प्रेम बढ़ेगा। वर्ष के अंत में परिवार में धार्मिक आयोजन होने की संभावना है।

वैवाहिक लोगों के लिए यह साल मधुर सम्बंधों की शुरुआत के साथ होगा। परंतु साल के मध्य मे आपसी तनाव हो सकता है, जिसका कारण सिर्फ आप दोनों के बीच अहम और गलत-फहमी होगा, जिससे घर में आपसी मानसिक तनाव बना रहेगा। वर्ष के अंत में ही आपसी रिश्ते मे तालमेल बनेगा और रिश्तों मे मिठास आएगी। कन्या राशि वालों का स्वास्थ्य इस वर्ष मिला-जुला रहेगा, लेकिन वर्ष के मध्य में बहुत ही सावधानी रखने की आवश्यकता रहेगी। भोलेनाथ की आराधना उत्तम है।


● तुला राशिफल 2021 : वित्तीय नजरिए के लिहाज से साल 2021 की शुरुआत तुला राशि के जातकों के लिए अच्छी रहेगी। आमदनी होने के साथ खर्चे भी बढ़ते रहेंगे। पहले के मुकाबले आपकी आर्थिक स्थिति में इजाफा देखने को मिलेगा। इस वर्ष अगर जमीन में धन निवेश के बारे में सोच रहे हैं तो पहले जानकारों की सलाह अवश्य लें। मई के बाद नये वाहन लेने का सपना भी इस साल पूरा होगा। किसी नई जगह के निर्माण के ऊपर साल के मध्य में धन खर्च हो सकता है। अगर शेयर बाजार में लम्बे समय के लिए धन का निवेश करना चाहते हैं तो मई से पहले या अक्टूबर के बाद कर सकते हैं।

ज्योतिष गणना के अनुसार इस वर्ष तुला राशि के जातकों के लिए शनि और गुरु का गोचर कार्यों में मिलाजुला फल प्रदान करेगा। आपको संघर्ष के बाद ही सफलता की प्राप्ति होगी। किसी की बातों में आकर नये व्यापार के बारे में न सोचें नहीं तो आपको धोखा मिल सकता है। इस वर्ष साझेदार की सलाह के बिना कोई काम अकेले नहीं करें। मई के बाद विदेश से कोई नया प्रोजेक्ट मिलने पर किसी कारणवश आप उसे खो सकते हैं। तुला राशि के जातक इस साल नौकरी के लिए देश-विदेश की यात्रा करने का मौका मिलेगा। तुला राशि के लिए साल के शुरुआत में प्रमोशन की बात बन सकती हैं। अगर आप कहीं तबादले की सोच रहे थे, तो वह भी समय से हो जाएगा। मां दुर्गा की आराधना उत्तम है।


● वृश्चिक राशिफल 2021 : इस वर्ष आपकी आर्थिक स्थिति बेहतर रहेगी। साल के शुरुआती महीनों में आपको इसके संकेत मिलना शुरू हो जाएंगे। निवेश से अच्छा पैसा बनाएंगे। लेकिन आपकी मई के महीने में आर्थिक स्थिति कुछ कमजोर रहेगी। इस दौरान अपने खर्चों पर काबू रखें। इस दौरान शेयर बाज़ार में भी किसी तरह का निवेश करने से बचें। कहीं से आर्थिक मदद मिल सकती है या फिर पैतृक सम्पत्ति से लाभ मिलने की संभावना है। जो आपके वित्तीय स्थिति को पहले के मुकाबले और मजबूत करने में सहायक साबित होगा। व्यापार में निवेश करने के लिए यह समय उत्तम रहेगा।

आपको विदेश से भी कोई नया प्रोजेक्ट मिलने पर धन की आवश्यकता होगी। अगर पैसे की आवश्यकता हो तो मई तक कर्ज़ ले सकते हैं, तभी आगे कर्ज़ उतारने के लिए भी सक्षम हो पाएंगे। साल के मध्य में कर्ज़ लेने से बचें क्योंकि वक्री ग्रह कर्ज़ के लेन-देन मे रुकावट ला सकते हैं। मई माह से आपको नौकरी के प्रति बहुत ही सावधान रहना होगा। अच्छी भली नौकरी हाथ से जा सकती है। अक्टूबर तक कोई भी नई नौकरी के लिए कोशिश न करें, धोखा हो सकता है।

माता-पिता का सहयोग रहेगा। धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहेगा।
वैवाहिक लोगों के लिए वैवाहिक जीवन सामान्य रहेगा। हनुमान जी की आराधना उत्तम रहेगी।


● धनु राशिफल 2021 : धनु राशि के जातकों के लिए वित्तीय मामलों में धन अर्जित करने के लिए पूरे वर्ष कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। तभी कामयाबी प्राप्त होगी। कहीं भी धन निवेश करने से पहले कई बार सोच विचार कर ही निर्णय लें। परिवार में खर्च अधिक बढ़ने से मानसिक तनाव बना रहेगा। बेवज़ह के निवेश से भी सावधान रहें। आपको साल के अंत के महीनों में अचानक धन लाभ होने की उम्मीद है।

इस वर्ष आपकी मेहनत और लगन काम में दिखाई देगी, जिससे आपके व्यापार में लाभ के साथ आय की भी बढ़ोतरी के संकेत हैं।नौकरी करने वाले साल की शुरुआत में अपने बॉस को कुछ कर दिखाने में कामयाब होंगे, जिससे आपका सीनियर आपके प्रमोशन की बात आगे बढ़ाएगा। जो जातक इस वर्ष सरकारी नौकरी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं उनकी यह इच्छा इस वर्ष अवश्य पूरी होगी।

वैवाहिक लोगों के बीच इस वर्ष आप दोनों के बीच में तनाव हो सकता है, जिसकी वजह से सिर्फ गलतफहमी हो सकती है। सेहत के नजरिए वर्ष 2021 धनु राशि के जातकों के लिए अच्छा बीतेगा। आपका स्वास्थ्य इस वर्ष पहले से बेहतर रहेगा और पुरानी बीमारी से भी निजात मिलेगी। भगवान कृष्ण का जप एवं पूजन उत्तम रहेगा।


● मकर राशिफल 2021 : वर्ष 2021 मकर राशि के जातकों के लिए आर्थिक स्थिति में उतार-चढ़ाव के साथ बीतेगा। बेवजह के खर्चे पहले के मुकाबले ज्यादा होंगे। इस साल घर वालों के साथ पैतृक सम्पत्ति को लेकर भी वाद-विवाद हो सकता हैं। आमदनी के लिए आपको कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी तब जाकर आपको कुछ मुनाफा मिलेगा। शेयर बाजार में कोई बड़ा निवेश न करें, नुकसान हो सकता है। अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए कर्ज लेने की आवश्कता पड़ेगी।

निवेश करने की सोच रहे हैं तो अपने माता पिता की भी सलाह लें। वर्ष के अंत में बेवजह खर्च हो सकता है और बच्चों के भविष्य के लिए भी कोई निवेश कर सकते हैं। इस साल व्यवसाय में आपको बहुत ही उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। नौकरी और व्यापार के लिए साल के अंत का समय आपके लिए शुभ रहेगा।

मकर राशि वालों का पारिवारिक जीवन इस वर्ष बहुत बेहतर साबित होगा। घर पर समय-समय पर कई तरह की खुशियां मिलने के संकेत हैं। किसी नये मेहमान या नये मित्र के जिंदगी में आने से खिला हुआ वातावरण रहेगा। इस वर्ष माता-पिता का सहयोग भी बना रहेगा आपको भी उनकी मदद मिलेगी।

वैवाहिक लोगों के लिए साल की शुरुआत में वैवाहिक जीवन में किसी गलतफहमी की वज़ह से मतभेद बना रहेगा। सेहत के नजरिए से आपके लिए यह साल मिला जुला रहेगा। बाहर की चीजों को खाने से परहेज करें। माता लक्ष्मी की आराधना करना श्रेष्ठ रहेगा।


● कुंभ राशिफल 2021 : आर्थिक नजरिए से कुंभ राशि वालों को साल के शुरुआत से ही अच्छे संकेत मिलने लगेगा। आय में इजाफा देखने को मिलेगा। व्यवसाय में लाभ मिलने से आपकी आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर होगी। व्यापार में निवेश करने के लिए धन की आवश्यकता होगी तो वह भी पूरी हो जाएगी। पुराना लेन-देन से आपको धन प्राप्त होंगे जो आपकी आर्थिक स्थिति को पहले के मुकाबले मजबूती प्रदान करेगा। इस वर्ष आपके लिए जमीन और शेयर बाजार में निवेश करने से बचें। कहीं से पैतृक संपत्ति प्राप्ति होने की संभावना भी दिख रही है।

अगर नये व्यवसाय के बारे में सोच रहे हैं तो मई से पहले शुरू कर लें। इस समय में किसी पुराने प्रोजेक्ट को दोबारा शुरू करने के लिए धन की जरुरत पड़ेगी। आपकी आवश्यकता के अनुसार आपको अपने परिवार वालों से आर्थिक मदद मिलेगी। सरकारी नौकरी से जुड़ा कोई सपना हैं तो आपकी इच्छा पूरी होगी। नौकरी कर रहे लोगों के लिए जून तक का समय बेहतर रहेगा।

कुंभ राशि वाले जहां एक तरफ वर्ष 2021 में आर्थिक संपन्नता से परिपूर्ण रहेंगे वहीं उन्हे पारिवारिक जीवन में समय-समय पर परेशाानियों का सामना करना पड़ सकता है।

वैवाहिक जीवन के लिए नकारात्मक हालात ही बनाएगा। कुंभ राशि के जातकों के लिए सेहत के मामले में यह वर्ष मिलाजुला रहने वाला होगा। किसी पुरानी बीमारी से आप परेशान रह सकते हैं।

गणपति जी का पूजन एवं ध्यान आपके लिए उत्तम रहेगा।


● मीन राशिफल 2021 : वित्तीय लिहाज से मीन राशि वालों के लिए वर्ष की शुरुआत सामान्य रहेगी। आपको इस वर्ष अपने खर्चे कम करने होंगे तभी आगे की योजनाओं पर धन निवेश के बारे में सोच सकते हैं। मीन राशि के जातक इस वर्ष निवेश जरूर करें। 2021 में आर्थिक लाभ के योग भी बने हुए हैं। किसी ज़मीन पर किया गया आपका निवेश इस साल फायदा दिलाएगा। इसके अलावा शेयर बाजार में निवेश से लाभ मिलने के संकेत हैं। कहीं से अचानक धन लाभ भी हो सकता है।

व्यापार करने वाले जातकों के लिए कार्य-क्षेत्र में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। साल के मध्य में किसी नए प्रोजेक्ट के मिलने से आपके काम में बढोतरी तो होगी पर कर्ज़ उतारने के लिए अधिक धन की भी आवश्यकता होगी। नौकरी कर रहे लोगों की इस वर्ष देश-विदेश की यात्राएं होती रहेंगी और नौकरी में मेहनत करने वालों के पद में बढ़ोतरी होगी। नई नौकरी के लिए मई से पहले ही कोशिश करें तो ही उत्तम परिणाम मिलेगा।

इस वर्ष माता-पिता का भी पूर्णता सहयोग आपको प्राप्त होगा, लेकिन आपको उनकी सेहत का भरपूर ख्याल रखना होगा।

इस वर्ष वैवाहिक जीवन में आपसी रिश्ते मधुर बने रहेंगे। आपका जीवनसाथी के साथ विदेश यात्रा का भी योग बना हुआ है। वर्ष के मध्य में अचानक वाहन के तीव्र गति से चलाने से दुर्घटना के संकेत बन रहे हैं इसलिए बहुत ही सावधानी से वाहन चलाएं। अचानक पेट से जुड़ी समस्या भी आपको परेशान कर सकती हैं।

मां दुर्गा की आराधना आपके लिए श्रेयस्कर रहेगा।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News