वाराणसी-उत्तर प्रदेश,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
■ श्रद्धालु कहीं से भी कर सकेंगे श्री विश्वनाथ जी के दर्शन
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं हित की दिशा में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय ने परिसर स्थित श्री विश्वनाथ मन्दिर के दर्शन के लिए अनूठी पहल की है। अब श्रद्धालु कहीं से भी श्री विश्वनाथ मन्दिर में बाबा विश्वनाथ दर्शन कर सकेगें। इस के लिए कुलपति ने शनिवार को केन्द्रीय कार्यालय से बटन दबाकर श्री विश्वनाथ मन्दिर के लाइव दर्शन की सुविधा का शुभारम्भ किया। वैश्विक महामारी कोविड-19 के चलते जहां भीड़भाड़ से बचना एवं भौतिक दूरी के मानक का पालन करना ज़रूरी है, ऐसे में इस सुविधा के शुरू होने से श्रद्धालु लाभान्वित होंगे।
इस सेवा के शुरू होने पर कार्यवाहक कुलपति एवं रेक्टर प्रो. वी. के. शुक्ला ने मन्दिर प्रशासन को बधाई दी एवं कम समय में भी इस कार्य को पूरा करने के लिए कम्प्यूटर सेन्टर की सराहना की। उन्होंने कहा कि मन्दिर प्रशासन ये सुनिश्चित करे कि श्रद्धालुओं को निर्बाध रूप से सेवा का लाभ मिले एवं इस संबंध में सुझावों के अनुरूप सेवा को और बेहतर बनाया जाए।
कम्प्यूटर सेन्टर के समन्वयक प्रो. संजय कुमार ने कहा कि ये सेवा शुरू होने से देश विदेश में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के पुरा छात्र भी श्री विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.bhu.ac.in पर लाइव दर्शन के लिए लिंक उपलब्ध कराया गया है, जिस पर क्लिक कर श्रद्धालु दर्शन कर सकते हैं।
इस अवसर पर श्री विश्वनाथ मंदिर के मानित व्यवस्थापक डॉ. सुनील कात्यायन ने कहा कि कुलपति की पहल एवं उनके मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ये सेवा शुरू हुई है।
कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. नीरज त्रिपाठी, वित्ताधिकारी डॉ. अभय कुमार ठाकुर, छात्र अधिष्ठाता प्रो. एम. के. सिंह, परीक्षा नियंता मनोज कुमार पाण्डेय, श्री विश्वनाथ मन्दिर के पूर्व मानित व्यवस्थापक डॉ. चन्द्रमौली उपाध्याय समेत विश्वविद्यालय के अनेक आचार्य, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।