(●) हिण्डाल्को में 264 कर्मचारी दीर्घकालीन सेवा सम्मान से सम्मानित
रेणुकूट, 18 दिसम्बर। हिण्डाल्को स्टाफ क्लब प्रांगण में 264 ऐसे स्टाफ व श्रमिकों को चांदी के स्मृति चिन्हों से सम्मानित किया गया जिन्होंने कम्पनी में 25 वर्ष से अधिक का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इस अवसर पर कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए संस्थान के मुखिया व सी•ओ•ओ• एस• एन• जाजू ने कहा कि हर वर्ष इसी प्रकार प्रबंधन ऐसे कर्मचारियों को जिन्होंने कम्पनी में अपनी सेवा के 25 वर्ष पूरे कर लिए है उन्हें सम्मानित किरता है। उन्होंने कहा कि कम्पनी में कार्य करते हुए इतनी लम्बी अवधी में आपने कई उतार-चढ़ाव देखे और आपके ही मेहनत व लगन से आज कम्पनी विश्व पटल पर एक अलग स्थान बना सकी है। उन्होंने कहा कि किसी भी कम्पनी की प्रगति में उसके कर्मचारियों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण होता है और इतनी बड़ी संख्या में पुरस्कृत किए जा रहे श्रमिकों में से कई ऐसे होंगे जिनके पिता भी इसी संस्थान में कार्यरत थे। किसी भी प्रबंधन के लिए यह गर्व की बात है कि संस्थान के श्रमिक इतने लम्बे समय से कम्पनी से जुड़े रह कर कम्पनी की प्रगति में योगदान दे रहे है।
इससे पूर्व उपस्थित सहकर्मियों व उनके परिजनों का स्वागत करते हुए सतीश आनंद ने सभी कर्मचारियों को जिन्होंने 25 वर्ष से ज्यादा का कार्यकाल पूरा कर लिया है उन्हें व उनके परिवार को बधाई दी व कम्पनी की प्रगति में उनके योगदानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कम्पनी की प्रगति में कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिजनों का योगदान भी कम महत्वपूर्ण नहीं है।
इसके उपरान्त एस• एन• जाजू, सतीश आनंद, निर्मल्या सेन, डा• जगपाल सिंह व संजीव राजदेरकर ने 54 स्टाफ व अधिकारियों तथा 212 श्रमिकों को उनकी धर्मपतनी के साथ मंच पर चांदी का स्मृति चिन्ह प्रदान करके दीर्घकालीन सेवा सम्मान से सम्मानित किया साथ ही वी• एन• ठाकुर व राजीव झुनझुनवाला ने कर्मचारियों को माला पहना कर अभिनंदन किया। प्रारंभ में संस्थान के मानव संसाधन प्रमुख सतीश आनंद, फ़ैब्रिकेशन प्लांट प्रमुख निर्मल्या सेन, रिडक्शन प्लांट प्रमुख डा• जगपाल सिंह, अल्युमिना प्लांट प्रमुख प्रभात चतुर्वेदी एवं वित्त तथा वाणिज्य प्रमुख संजीव राजदेरकर ने दीप प्रज्जवलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अजीत कुमार तिवारी ने कार्यक्रम का संचालन व धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में मान्यताप्राप्त श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ ही अन्य वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों ने उपस्थित रह कर सम्मानित सहकर्मियों को बधाई दी। कार्यक्रम का समापन सुरुचिपूर्ण रात्रि भोज से हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्थान के मानव संसाधन विभाग के सभी सहकर्मियों का सराहनीय सहयोग रहा।