---हरिओम पाण्डेय, बीना, सोनभद्र, 06 फरवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
(●) 1600 ग्रामीण विद्यार्थी होंगे लाभान्वित
एनसीएल के कृष्णशिला क्षेत्र ने सोमवार को निगमित सामजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत खेल सामग्री का वितरण किया। कृष्णषिला क्षेत्र के अधिकारी क्लब में आयोजित कार्यक्रम में 06 विद्यालयों अंबेडकर विद्यालय जवाहर नगर, प्राथमिक विद्यालय कोहरौलिया, प्राथमिक विद्यालय मिसिरा, प्राथमिक विद्यालय भैरवा, प्राथमिक विद्यालय कोहरौल तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोहरौल के बीच खेल सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर इन विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं प्रधानाध्यापिकाओं ने यह खेल सामग्री प्राप्त की। खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम में कृष्णशिला क्षेत्र के महाप्रबंधक ए0 एन0 पाण्डेय बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे।
इस अवसर पर 15 वॉलिबॉल, 15 फुटबॉल, 22 बैडमिंटन सेट, 14 क्रिकेट सेट, 20 कैरम, 33 स्किपिंग रोप, बड़ी संख्या में शतरंज, लूडो इत्यादि का वितरण किया गया। इन खेल सामग्रियों का लाभ इन विद्यालयों के लगभग 1600 ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा।
मुख्य अतिथि श्री पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में जीवन में खेलों की महत्ता के बारे में बताया तथा उम्मीद जाहिर की कि इन खेल सामग्रियों के विद्यालय प्रतिनिधियों द्वारा उचित उपयोग व रख-रखाव किए जाने से स्कूली बच्चों की खेल प्रतिभा के विकास में मदद मिलेगी। खेल सामग्री वितरण के लिए विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं प्रधानाध्यापिकाओं ने एनसीएल कृष्णशिला क्षेत्र की टीम का आभार जताया।
खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम में कृष्णशिला क्षेत्र के क्षेत्रीय वित्त प्रबंधक सी• के• सिंह, स्टाफ अधिकारी (कार्मिक) एस• सी• राय आदि उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि एनसीएल का कृष्णशिला क्षेत्र स्थानीय जरूरमंदों के लिए समय-समय पर अनेक कल्याणकारी कार्य करता रहता है। जनवरी 2018 में क्षेत्र की सीएसआर एवं मेडिकल टीम ने स्थानीय मर्रक गांव के सामुदायिक भवन में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर आवश्यकतानुसार मुफ्त दवाइयां वितरित की थी। इस शिविर के आयोजन से 106 ग्रामीण लाभान्वित हुए थे।