---हरिओम पाण्डेय, सोनभद्र, 08 फरवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
(●) तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनियों सहित 8 टीमें ले रही हैं हिस्सा
29वीं कोल इंडिया अंतर कंपनी कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरूवार को हुआ। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के ककरी क्षेत्र के एकलव्य मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ एनसीएल की निदेशक (कार्मिक) सुश्री शांतिलता साहू ने बतौर मुख्य अतिथि किया। इस अवसर पर एनसीएल जेसीसी सदस्य अशोक दूबे (सीएमएस), एनसीएल जेसीसी सदस्य (बीएमएस - उ•प्र• क्षेत्र) अरूण दूबे, एनसीएल स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य जोगेंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह एवं शिवमुनि सिंह बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे। प्रतियोगिता में कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) की अनुषंगी कंपनियों डब्ल्यूसीएल, एसईसीएल, सीसीएल, बीसीसीएल, ईसीएल, एमसीएल तथा एनसीएल एवं सिंगरैनी कोलियरी कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा करते हुए मुख्य अतिथि सुश्री शांतिलता साहू ने प्रतिभागी खिलाड़ियों से उम्दा खेल का प्रदर्शन करने की अपील की और उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों एवं दर्शकों का भरपूर मनोरंजन होगा। प्रतियोगिता का पहला मैच डब्ल्यूसीएल एवं एसईसीएल की टीमों के बीच खेला गया जिसमें डब्ल्यूसीएल की टीम ने एसईसीएल की टीम को 46-30 के अंतर से हराया तथा प्रतियोगिता का दूसरा मैच एनसीएल व बीसीसीएल की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें मेजबान एनसीएल की टीम ने बीसीसीएल की टीम को 75-36 के अंतर से हराया।
प्रतियोगिता शुरू होने से पहले मेजबान एनसीएल की टीम के कप्तान जगबीर सिंह ने खिलाड़ियों को नियम एवं अनुशासन से खेलने की शपथ दिलाई। इस प्रतियोगिता के सभी मैच ऑल इंडिया कबड्डी फेडरेशन के नियमानुसार खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता की मेजबान एनसीएल के ककरी क्षेत्र के महाप्रबंधक एल• पी• गोडसे ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। डीएवी विद्यालय, ककरी के बच्चों ने अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
गौरतलब है कि गत वर्ष इस प्रतियोगिता की विजेता डब्ल्यूसीएल की टीम रही थी। इस टीम एवं प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण अनिल मालवे हैं, जो डब्ल्यूसीएल के चंद्रपुर क्षेत्र के पद्मपुरा परियोजना में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत् हैं। अनिल मालवे कोल इंडिया के इकलौते अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी हैं। अनिल मालवे वर्ष 1996 में कोल इंडिया में नियुक्त हुए थे। श्री मालवे 1994 में ढाका (बांग्लादेश) एवं विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) में अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्द्धा में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वे विदर्भ स्टेट कबड्डी टीम की ओर से सीनियर नैशनल कबड्डी चैंपियनशिप में 9 वर्षों तक खेल चुके हैं।