---हरेन्द्र शुक्ला ( वाराणसी, 18 फरवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
(★) संकटमोचन फाउंडेशन का मां के लिए मां अभियान का हुआ आगाज
संकटमोचन फाउंडेशन एवं ओजग्रीन आस्ट्रेलिया के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को तुलसीघाट स्थित स्वच्छ गंगा पर्यावरण एवं प्रशिक्षण केन्द्र में "गंगा की स्वच्छता के लिए नारी शक्ति को जागृत करने के" "मदर फार मदर" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मदर फार मदर की संयोजिका आभा मिश्रा ने कहा कि मां गंगा भारत ही नहीं पूरी दुनियां की जीवन रेखा है। मां गंगा के साथ सभी माताओं की आस्था वैदिककाल से ही जुड़ी हुई है। औद्योगिक कचरा, गंदे नालों के अवजल गंगा जी में गिरने के कारण अब गंगा जी आचमन के लायक भी नहीं रह गई हैं। ऐसे में जीवनदायिनी मां गंगा की स्वच्छता के लिए दुनियां की माताओं की भागीदारी अनिवार्य हो गयी है।
वहीं आस्ट्रेलियाई पर्यावरणविद एवं ओजग्रीन की संस्थापिका सु लेनाक्स ने गंगा की स्वच्छता पर माताओं की महत्वपूर्ण भूमिका की चर्चा करते हुये मां गंगा की स्वच्छता के लिए सामाजिक तकनीकी के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में स्लाइड शो के जरिए गंगा प्रदूषण की भयावहता और उससे मुक्ति के उपाय को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर गंगा की स्वच्छता के लिए " मदर फार मदर " अभियान के तहत महिलाओं ने मानव श्रृंखला भी बनायी।
समारोह का संचालन सुश्री सुमेधा मिश्रा ने किया। इस अवसर पर आस्ट्रेलिया की जोयल, इनरव्हील क्लब वाराणसी उदया की अध्यक्ष तनू शुक्ला, डा शारदा सिंह, रोली सिंह, अलका राय, निलम मिश्रा, माधुरी शर्मा, अंजली सिंह, शैला बानो, नीतू सिंह, ज्योत्सना शुक्ला, दिव्या कसौधन, दीप्ती कसौधन, शुभिक्षा सिंह, अंजली सिंह सहित दर्जनों महिला लाए मौजूद रही।