---हरिओम पाण्डेय, सोनभद्र, 13 मार्च 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
◆ उदघाटन मैच में क्रिकेट एसोसिएशन कानपुर ने बिहार क्रिकेट एसोसिएशन पटना को 8 विकेट से हराया
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की 24वीं अखिल भारतीय सुभाष स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता सोमवार को शुरू हुई। एनसीएल के बीना क्षेत्र के बीना स्टेडियम में खेली जा रही प्रतियोगिता के उदघाटन मैच में क्रिकेट एसोसिएशन कानपुर की टीम ने बिहार क्रिकेट एसोसिएशन पटना की टीम को आठ विकेट से हराया। प्रतियोगिता के उदघाटन समारोह में बीना क्षेत्र के महाप्रबंधक बिपिन कुमार बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे।
उदघाटन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए श्री कुमार ने कहा कि अखिल भारतीय सुभाष स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता ने भारतीय क्रिकेट जगत में अपनी प्रतिष्ठित जगह बनाई है और इस प्रतियोगिता में प्रवीण कुमार, मौहम्मद कैफ, सुरेश रैना, पीयूष चावला, गुरशरण सिंह और विवेक राज़दान जैसे अंतर्राष्ट्रीय और भारत की विभिन्न टीमों का रणजी ट्रॉफी में प्रतिनिधित्व कर चुके कई राष्ट्रीय खिलाड़ी अपने क्रिकेट कौशल का प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी भी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपना नाम रोशन करेंगे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच ग्रुप ‘ए’ में बिहार क्रिकेट एसोसिएशन पटना और क्रिकेट एसोसिएशन कानपुर के बीच खेला गया। पटना की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन उसकी शुरुवात बेहद खराब रही और एक रन पर ही उसके दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसके बाद पटना की ओर से सकिबुल गनी ने शानदार बल्लेबाज की और अपने टीम की ओर से मात्र 64 गेंदों में 8 चौक्कों और 3 छक्कों की मदद से सर्वाधिक 82 रन बनाए। सकिबुल की शानदार बल्लेबाजी के बावजूद पटना की टीम निर्धारित 50 ओवरों से पहले 32वें ओवर में ही मात्र 142 रन पर ऑल आउट हो गई। कानपुर की ओर से तेज गेंदबाज अर्पित शुक्ला ने 33 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट लिए।
जीत के लिए निर्धारित 143 रनों का पीछा करते हुए कानपुर की ओर से सलामी बल्लेबाजों आदेश कुमार और अभिषेक यादव ने 46 रनों की सधी हुई शुरुवात दी। इसके बाद टीम के कप्तान सागर शर्मा के नाबाद 40 और विकेटकीपर अमन यादव के नाबाद 42 रनों की बदौलत टीम ने 27वें ओवर में मात्र दो विकेट खोकर विजय का लक्ष्य हासिल किया।
मंगलवार को प्रतियोगिता का दूसरा ग्रुप ‘ए’ में रीवा डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन और बिहार क्रिकेट एसोसिएशन पटना के बीच खेला गया। रीवा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन पूरी टीम मात्र 118 रनों पर सिमट गई। पटना की ओर से अपूर्व आनंद, प्रेम रंजन पाठक और सकिबुल गनी ने 2-2 विकेट लिए। रीवा की ओर से रितेश चतुर्वेदी ने सर्वाधिक 49 रन बनाए। जवाब में पटना की टीम ने आशुतोष के 36 रनों की बदौलत 119 रनों का लक्ष्य 7 विकेट खोकर हासिल कर प्रतियोगिता में अपनी उम्मीदें कायम रखीं।
आगामी 18 मार्च तक चलने वाली 7 दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 6 टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप 'ए' में रीवा डिविजनल क्रिकेट क्रिकेट एसोसिएशन, क्रिकेट एसोसिएशन कानपुर एवं बिहार क्रिकेट एसोसिएशन पटना शामिल हैं, जबकि मेरठ क्रिकेट एसोसिएशन, क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ एवं हरि सिंह क्लब दिल्ली की टीमों को ग्रुप 'बी' में रखा गया है। प्रतियोगिता लीग कम नॉक आउट आधार पर खेली जा रही है। दोनों टीमों की टॉप टीमें फाइनल खेलेंगी। फाइनल मैच 18 मार्च (रविवार) को खेला जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 7 मैच खेले जाएंगे।
उद्घाटन समारोह में बीना क्षेत्र के स्टाफ ऑफिसर कार्मिक योगेश सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया। कार्यक्रम में बीना क्षेत्र के परियोजना अधिकारी एस॰ पी॰ सिंह, स्टाफ अधिकारी (सिविल) ए॰के॰सिंह एवं स्टाफ अधिकारी (ई॰ एंड एम॰) आर॰के॰सिंह और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में बीना क्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारी और आम दर्शक उपस्थित थे।