जनता भाजपा सरकार के झूठे वादों से ऊब गई : अनूप संडा



---संतोष यादव, सुल्तानपुर, 23 मार्च 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज।

● पूर्व विधायक ने अपने कराये गए कार्यो का श्रेय भाजपा विधायक द्वारा लेने पर जताया एतराज

● सपा सरकार में हुए शिलन्यास, लोकार्पण कार्यक्रमों के मीडिया को दिए साक्ष्य

सपा सरकार में अपने प्रयास से क्षेत्र में कराये गए विकास कार्यो को भाजपा द्वारा अपना बताकर श्रेय लेने से बिफरे तत्कालीन सपा विधायक अनूप संडा आज साक्ष्यों सहित मीडिया से रूबरू हुए। अपने कैम्प कार्यालय पर पत्रकारों से मुखातिब श्री संडा ने कहा कि देश की जनता बीजेपी सरकार के झूठे दावों और वादों से पूरी तरह ऊब चुकी है और यह समझ चुकी है कि भारतीय जनता पार्टी मात्र भावनाओं को भड़काकर जनता को भामित करने वाली पार्टी है। पिछले दिनों देश मे 3 लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों से यह स्पष्ट हो गया है। सुल्तानपुर विधान सभा क्षेत्र से सपा के पूर्व विधायक रहे अनूप सण्डा ने मौजूदा भाजपा विधायक सूर्यभान सिंह द्वारा सपा सरकार में कराए गए विकास कार्यो का भी श्रेय लेने और अपनी उपलब्धि बताने की कड़े शब्दों में निंदा की। पूर्व विधायक ने मौजूदा विधायक द्वारा सिरवारा-शफीपुर-गोसाईगंज वा अमिलिया खुर्द, मुंशीगंज से कटावा रोड पर गोमती नदी पर सेतु वा सेमरी दरगाह एवं गभड़िया नाले के (महादेव-फत्तेपुर) सेतु की उनकी ही कार्यकाल में हुई वित्तीय स्वीकृति की प्रतियां जारी करते हुए कहा कि बीजेपी विधायक एक वर्ष की अपनी नाकामी छिपाने के लिए असत्य का सहारा ले रहे है। श्री सण्डा ने कहा कि इसी प्रकार उनके कार्यकाल में ही मिनी ट्रामा सेंटर व महिला चिकित्सालय का निर्माण हुआ, जिसके मौके पर कार्यक्रम के फोटो व अभिलेखीय प्रमाण मौजूद है। श्री सण्डा ने कहा कि बिजली वितरण के क्षेत्र में उनके समय मे लोलेपुर, संकरगढ, इमिलिया, पकड़ी में उनके द्वारा किये गए बिजलीघरों के शिलान्यास जो कि 22 अगस्त 2015 में सम्पन्न हुए, को भी बीजेपी सरकार की उपलब्धि बताया जा रहा है जबकि तत्समय में समाचार माध्यम, सोसल मीडिया पर इसके भी प्रमाण मौजूद है।

पूर्व विधायक अनूप सण्डा जी ने वर्तमान विधायक के दवा-इलाज के मदद में करोड़ो रूपये विधायक निधि से दिये जाने को भी आश्चर्यजनक बताते हुए इसे अविश्वासनीय बताया और इसे जाँच का विषय बताया है।

पूर्व विधायक अनूप सण्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूदा विधायक को बंद पड़े ट्रामा सेंटर का संचालन कराने और महिला अस्पताल प्रारम्भ कराने की सलाह देते हुए कि जैसे कागज के फूलों से खुशबू नही आती, झुठ की नाव बहुत देर तक नहीं टिकती, अच्छा होगा सुल्तानपुर क्षेत्र के भाजपा विधायक गोरखपुर-फूलपुर परिणाम से सबक लेकर धरातल पर विकास के कार्य कराकर जनता को दिखाए, अन्यथा जनता भी आगामी चुनाव में उनके इस असत्य के बदले सत्य का साक्षात्कार करायेगी।

इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष रघुबीर यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ज्ञान प्रकाश यादव, जमीरुद्दीन हाश्मी, जयंत यादव, विकास चौरसिया, रवीन्द्र तिवारी सहित पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News