पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु एनसीएल बीना में 'अर्थ आवर' का आयोजन



---हरिओम पाण्डेय, सोनभद्र, 26 मार्च 2017, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

◆ स्वैच्छिक रूप से एक घंटे के लिए बिजली उपकरणों को बंद कर दिया पर्यावरण की रक्षा का संदेश

नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के बीना एरिया में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु शनिवार को "अर्थ आवर" का आयोजन किया गया। ‘अर्थ आवर’ के उपलक्ष्य में क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय, आवासीय परिसर सहित अनेक स्थानों पर शाम साढ़े आठ से साढ़े नौ बजे के बीच में एक घंटे के लिए स्वैच्छिक रूप से गैर-आवश्यक बिजली उपकरणों को बंद कर पर्यावरण की रक्षा करने में योगदान देने का संदेश दिया गया।
‘अर्थ आवर’ के दौरान बीना क्षेत्र में स्वैच्छिक रूप से एक घंटे के लिए बिजली बंद करने में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र के महाप्रबंधक द्वारा जारी की गई अपील को फील्ड आफिस, वर्कशॉप, टाइम ऑफिस, सीएचपी, महाप्रबंधक कार्यालय और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगाया गया, जिसके चलते लोगों ने अपने परिजनों सहित ‘अर्थ आवर’ के आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
‘अर्थ आवर’ के उपलक्ष्य में शनिवार शाम को महाप्रबंधक कार्यालय सभागार में एक संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसकी अध्यक्षता क्षेत्र के महाप्रबंधक बिपिन कुमार ने की।
संगोष्ठी में अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों से अपने परिजनों सहित अपने जीवन में ‘प्रकृति से कम लेना एवं अधिक देना’ की संकल्पना के पालन की अपील की। साथ ही, उन्होंने जल, कागज, पेट्रोलियम उत्पाद एवं बिजली का दिन-प्रतिदिन कम से कम उपयोग कर देश के प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में अपनी भूमिका का निर्वहन करने का आह्वान भी किया। इसके लिए उन्होंने यथासंभव कार के स्थान पर सार्वजनिक परिवहन के साधनों का उपयोग करने, नहाने एवं टायलेट में पानी और एकल उपयोग वाली प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने कि अपील की। श्री कुमार ने कार्यालयीन कार्य में कागज के दोनों ओर प्रिंटिंग करने और घरों एवं कार्यालयों में केवल आवश्यक कार्यों में ही बिजली का उपयोग करने की भी हिदायत दी।
संगोष्ठी में ‘अर्थ आवर’ के उपलक्ष्य में भारत सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री द्वारा दिए गए संदेश को पढ़कर सुनाया गया।कार्यक्रम में बीना के परियोजना अधिकारी एस.पी.सिंह, (पर्यावरण) वी.के.बजाज, सहायक प्रबन्धक(पर्यावरण) राकेश दुबे सहित श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि और बढ़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
गौरतलब है कि ‘अर्थ आवर’ पर्यावरण एवं वन्य जीवों के संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाली अंतर्राष्ट्रीय संस्था ‘वर्ल्ड वाइड फ़ंड फॉर नेचर (WWF)’ द्वारा हर साल मार्च महीने में अमूमन अंतिम शनिवार को मनाया जाता है। इस दौरान विश्व भर में शाम को साढ़े आठ बजे से साढ़े नौ बजे के बीच में एक घंटे के लिए गैर-जरूरी बिजली उपकरणों को बंद कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाता है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News