---हरेन्द्र शुक्ला, वाराणसी, 27 मार्च 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● बीएचयू में रासेयो की सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ नेहा पाण्डेय के निर्देशन में सुन्दर बगिया बस्ती क्षेत्र में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का मंगलवार को समापन हुआ ।
समापन समारोह के बतौर मुख्य अतिथि बीएचयू चिकित्सा विज्ञान संस्थान मेडिसिन विभाग के डॉ अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा और समाजसेवा से ही देश को विकसित किया जा सकता है । सामाजिक समरसता के बल पर देश की तस्वीर को बदला जा सकता है । समाज को समृद्ध बनाने में युवाओं का बहुत बडा योगदान होता है । ऐसे में युवा अपनी विवेक और उर्जा का सदुपयोग करें । शिविर के अंतिम दिन रवि और रुपेश द्वारा सात दिवसीय शिविर पर निर्मित डाक्यूमेंट्री फ़िल्म का प्रदर्शन किया गया । अतिथियों का स्वागत करते हुये कार्यक्रम अधिकारी डा नेहा पाण्डेय ने कहा कि सात दिन तक चले इस विशेष शिविर में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जहां बल दिया गया वहीं पर्यावरण संरक्षण , बेटी बचाओ बेटी पढाओं अभियान को गति दिया गया । इसके अलावा मिर्गी जैसे रोग के प्रति जनजागरूकता किया गया । इस अवसर पर रासेयो के समन्वयक प्रो पीके शर्मा ने शिविर के बाद भी विद्यार्थियों को सामाजिक कार्य करते रहने का सुझाव दिया ।
स्वयंसेविका शिवांगी पाण्डेय ने सात दिन के शिविर के अपने अनुभवों का साझा किया ।
इसी क्रम में वाद विवाद प्रतियोगिता , फेस पेंटिंग, और सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक के पुरस्कार वितरित किये गए। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत युगल एवं विवेक ने मंगलाचरण और गणेश वन्दना से हुआ । समापन समारोह की अध्यक्षता लाला लाजपत राय पाठशाला के प्राधानाचार्य अवधेश ने किया । कार्यक्रम का संचालन शशांक पांडेय एवं धन्यवाद ज्ञापन अंकुश गुप्ता ने दिया ।