---हरेन्द्र शुक्ला, वाराणसी , 31 मार्च 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● श्री हनुमत जन्मोत्सव पर संकटमोचन मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब,
● महंत ने वितरित किया प्रसाद
चैत्र शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि भगवान शंकर के 11वें रुद्र अवतार श्री हनुमत जन्मोत्सव के अवसर पर काशी जयकारे से अभिभूत रही। घंटा घड़ियाल ,डमरू और शंखनाद के बीच हनुमान चालीसा और सुन्दरकांड का सामूहिक पाठ आस्था की सैलाब को परवान चढ़ाता रहा।
शनिवार को श्री हनुमत जन्मोत्सव के अवसर पर संकटमोचन मंदिर में श्रीराम भक्त हनुमान के दरबार में भोर की आरती के साथ ही दर्शन - पूजन के लिए लम्बी लम्बी कतारें लग गई। मन में आस्था का समंदर लिये श्रद्धालु श्री संकटमोचन महाराज का दर्शन कर भावविभोर हुये। प्रात: मंगला आरती के बाद श्री संकटमोचन महाराज का बैठकी श्रृंगार हुआ। संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो• विश्वम्भरनाथ मिश्र के सानिध्य में विशिष्ट श्रृंगार आरती हुई। वहीं मंदिर में वैदिक ब्राह्मणों द्वारा रुद्राभिषेक किया गया। इस अवसर पर महंत प्रो• विश्वम्भरनाथ मिश्र ने भक्तों को प्रसाद वितरित किया।
इसी क्रम में भिखारीपुर और दुर्गाकुंड स्थित धर्मसंघ शिक्षा मंडल से श्री हनुमत जन्मोत्सव के अवसर पर श्रीराम दरबार से सजी विशाल शोभायात्रा शहर के विभिन्न इलाकों में भ्रमण के साथ संकटमोचन दरबार में पहुंचकर बजरंगबली को लाल ध्वजा समर्पित किया। शोभायात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालु जपो निरंतर जय श्रीराम का उद्घघोष करते हुये चल रहे थे। संकटमोचन मंदिर में देर रात्रि तक दर्शन के लिए भक्तों की कतारें लगी रही।