सरकार कर रही बैंकों का सामान्यीकरण : राजनाथ सिंह



लखनऊ, 26 अक्टूबर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में सहकारी बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यह बात उन्होंने आज लखनऊ में उत्तर रेलवे बहुराज्य प्राइमरी सहकारी बैंक की 100वीं जयंती से जुड़े समारोह के अवसर पर कही। बैंकों के सामान्यीकरण को लेकर सरकार द्वारा की गई पहलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बैंकों के सामान्यीकरण की दिशा में विशेष उपलब्धि अर्जित की गई है। उन्होंने कहा कि अब तक बैंकों का राष्ट्रीयकरण तो किया गया, लेकिन उसका फायदा आम जनता को नहीं मिल पा रहा था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में बैंकों का सामान्यीकरण कर इसी कमी को पूरा करने की कोशिश की जा रही है। सरकार द्वारा प्रधानमंत्री जन धन खाता योजना के तहत आम लोगों का बैंक खाता खुलवाना बैंकों के सामान्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

गृह मंत्री ने कहा कि गरीब आदमी को अब छोटी उधारियों के लिए साहूकारों के सामने हाथ नहीं फैलाना होगा। अगर किसी का जन धन खाता है और वह उसमें कम राशि भी जमा कर रहा है, तो जरूरत पड़ने पर वह बैंक से 10 हजार रुपये तक का ओवरड्राफ्ट ले सकता है। गृह मंत्री ने कहा कि जो लोग बैंकों से उधार लेकर विदेश भाग जाते हैं, उनसे धन वसूली के लिए सरकार ने एक अध्यादेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई के साथ किसी को खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि जमा और निकासी करने से अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि उत्तर रेलवे बहुराज्य प्राइमरी सहकारी बैंक देश का संभवतः सबसे पुराना सहकारी बैंक है। गृह मंत्री ने रेल को देश की जीवन रेखा बताते हुए कहा कि वह कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं के निपटान में हरसंभव मदद करेंगे। इस मौके पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक और महापौर सन्युक्ता भाटिया सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News