लालगंज-रायबरेली, 27 अक्टूबर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
आज पत्रकार व सोशल एक्टिविस्ट सिद्धार्थ त्रिवेदी व अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार एसोसियेशन के अध्यक्ष राजू तिवारी ने अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार एसोसिएशन के बैनर तले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि लालगंज क्षेत्र में नशे के अड्डों की भरमार है जिससे युवा वर्ग गुमराह होकर नशे की चपेट में आकर अपराध के रास्ते पर चल पड़ा है। तमाम सारे अपराधों की जड़ नशा ही है, नशे ने अपराध के ट्रेंड को बदलने का काम किया है।
स्कूल व कोचिंग जाने वाली लड़कियों को आये दिन शोहदे परेशान करते हैं। लोक-लाज के भय से लड़कियां शिकायत नहीं करती जिससे वह घुटन भरी जिंदगी जीने को मजबूर हैं। पुलिस को चाहिए कि उनके स्कूल, कोचिंग जाने की टाइमिंग के समय पेट्रोलिंग हो और शोहदों को सबक सिखाया जा सके। शराबियों के आतंक, जुएं के अड्डों व नशे का अवैध कारोबार कर रहे सौदागरों व नशेड़ीयों को समाज के लिए गंभीर खतरा व अहम मुद्दा बताते हुए पुलिस से इन सबके चिन्हांकन के साथ-साथ इस पर तत्परता के साथ कड़ी कार्यवाही करने का आग्रह किया। साथ ही साथ समाज के जागरूक
नागरिकों, युवाओं व समाजसेवियों को भी इस मुद्दे के प्रति सचेत किया कि वह भी आगे आकर इस दुर्व्यवस्था व अराजकता के खिलाफ आगे आकर अपनी आवाज बुलंद करें, चुप न रहें। जिससे हमारे समाज में हो रही अप्रिय घटनाएं रोकी जा सके व पुलिस प्रशासन को भी आम जनमानस से सहयोग मिल सके जिससे वह भी अपने कार्य को तत्परता से करने में सफल हो सकें।
पत्रकार सिद्धार्थ त्रिवेदी ने आरोप लगाते हुए कहा कि लालगंज व उसके आस-पास का क्षेत्र नशे का अड्डा बनता जा रहा है और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।इतनी आसानी से युवाओं को नशे की सामाग्री मिल जाती है, इसका मतलब है - नशे के सौदागरों ने नोटों की गड्डी से उच्चस्तरीय संरक्षण प्राप्त कर रखा है।
राजू तिवारी ने कहा कि अगर प्रशासन इस मुद्दे पर कार्यवाही नहीं करता तो उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी।
इस अवसर पर सारँगपाणि त्रिवेदी, रवि मुरारका, सचिन गुप्ता, अनूप कुमार, आदि लोग मौजूद रहे।