कार्तिक पूर्णिमा मेला तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने किया निरीक्षण



डलमऊ-रायबरेली, 30 अक्टूबर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

डलमऊ कस्बे के गंगा घाट पर 20 नवंबर से 24 नवंबर तक लगने वाले ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री, पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह के साथ विभिन्न विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। सर्वप्रथम डीएम मुराई बाग चौराहे पहुंचे जहां पर दुकानदारों द्वारा सड़क के चारों तरफ फैलाए गए अतिक्रमण को देखकर डीएम काफी नाराज हुए। उन्होंने तत्काल एसडीएम जीत लाल सैनी को निर्देशित किया कि वह एक सप्ताह के अंदर मुराई बाग चौराहे पर फैले अतिक्रमण को हटवा दिया जाए। जिससे मेले में किसी भी प्रकार की श्रद्धालुओं को आवागमन करने में अव्यवस्था ना हो। इसके बाद वह डलमऊ कोतवाली, पशु मेला मैदान मियां टोला मैदान प्रदर्शनी स्थल का जायजा लिया वहां पर उन्होंने निर्देशित किया कि दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर से बेहतर व्यवस्था की जाए, मेले में चाक-चौबंद हो इसलिए बेहतर लाइट व्यवस्था साफ सफाई एवं पानी की व्यवस्था जगह जगह होनी चाहिए। इस पर उन्होंने जल निगम और नगर पंचायत को निर्देशित किया। प्रदर्शनी स्थल से दूर बच्चों के लिए मनोरंजन के संसाधन रहेंगे इस वर्ष मेले में मौत का कुआं, झूला जैसे खतरनाक मनोरंजन मेले में नहीं रहेंगे। स्नान घाटों पर महिलाओं को वस्त्र बदलने के लिए चेंजिंग रूम भी जगह-जगह बनवाए जाएंगे।

वहीं 23 नवंबर पूर्णिमा है। जबकि मेले से पूर्व 7 नवंबर से पशु मेला प्रारंभ हो जाएगा जो 10 दिसंबर तक चलेगा इसी बीच पशुओं का क्रय विक्रय का काम शुरू हो जाएगा। इस मौके पर कोतवाली प्रभारी लक्ष्मी कांत मिश्रा, विद्युत विभाग एक्सईएन धीरेंद्र बहादुर सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष ब्रजेश दत्त गौड़, नगर पंचायत वरिष्ठ लिपिक सोहराब अली, सभासद विनोद कुमार निषाद, माघवेंद्र मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

● 2 किलोमीटर दूरी तक रहेगा कार्तिक पूर्णिमा मेला

ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेले में गंगा नदी में स्नान करने के लिए आसपास के जिले एवं क्षेत्रों के साथ साथ विभिन्न मंडलों से भी लगभग 10 से 15 लाख श्रद्धालु बैल गाड़ियों, सरकारी बसों, डग्गामार वाहन, दो पहिया वाहन सहित अन्य संसाधनों का सहारा लेकर गंगा तट पर आते हैं। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई समस्या ना हो इसलिए प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी लगभग 2 किलोमीटर की दूरी में साफ सफाई, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग टावर, पेयजल व्यवस्था रहेगी। मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे डीएम ने कबूल लाल दरगाह मैदान पर श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बेहतर से बेहतर व्यवस्था हो इसके लिए एसडीएम एवं नगर पंचायत को निर्देशित करते हुए एक सप्ताह का समय दिया गया है।

● नौका विहार से रखी घाटों की हकीकत

कार्तिक पूर्णिमा में मेले की तैयारियों को लेकर डीएम व एसपी के साथ साथ एसडीएम एवं अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। घाटों की हकीकत को परखने के लिए डीएम ने नगर पंचायत की मोटर बोट से गंगा घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्नान घाटों के किनारे बेहतर सफाई की जाये और प्रकाश की व्यवस्था भी की जाए। मेले में जगह-जगह कैमरे भी लगेंगे कैमरे की निगरानी में ही मेला संपन्न कराया जाएगा। घाटों की बद सूरत को एवं क्षतिग्रस्त हुए संपर्क मार्गों को दुरुस्त कराने के लिए नगर पंचायत को निर्देश जारी किए, उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के अंदर ही तैयारियां पूरी कर ली जाए। अगर किसी भी कार्य में अनदेखी या फिर लापरवाही पाई जाती है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। स्नान घाटों के पास झूल रहे तारों को जल्द से जल्द ठीक कराने के लिए विद्युत विभाग के एक्सईएन धीरेंद्र सिंह को निर्देशित किया। इसके बाद वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग एवं जल निगम के अधिकारियों को डीएम ने मेले की तैयारियों को लेकर सख्त निर्देश जारी किए।

● स्नान घाटों पर बनेंगे शौचालय

कार्तिक पूर्णिमा में मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की व्यवस्था के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जगह जगह अस्थाई शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है। मेले में मेला कोतवाली, छोटा मठ, बढ़ा मठ, घाट पर अस्थाई शौचालय की व्यवस्था कराई जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को डीएम ने निर्देशित किया है इसके साथ ही अन्य स्नान घाटों पर भी अस्थाई शौचालय बनवाए जाएंगे।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News