खुलेआम किसानों की जेब पर डाका



डलमऊ-रायबरेली, 01 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

डलमऊ तहसील क्षेत्र के साधन सहकारी समितियों में पुरानी बिक्री रेट के उपलब्ध कराई गई डीएपी खाद की बिक्री समितियों के कर्मचारियों द्वारा नये बिक्री रेट पर बेची जा रही हैं जिससे खुलेआम किसानों की जेब पर डाका डाला जा रहा है।

विदित हो कि डलमऊ तहसील क्षेत्र के साधन सहकारी समिति कंधरपुर, बरारा बुजुर्ग, राधा बालमपुर एवं रायपुर टप्पा हवेली में रबी की फसल की बुवाई के लिए शासन द्वारा डीएपी खाद पहुंचाई जा रही है जिससे किसानो को समय से खाद की उपलब्धता कराई जा सके किन्तु समितियों में तैनात कर्मचारियों ने अपने मनमाने रवैए से खाद को बेच रहे हैं, विरोध करने पर बिना खाद के बैरंग वापस कर दिया जाता है। ग्राम पंचायत कंधरपुर के किसान भवानी भीख दिनेश कुमार, अशोक कुमार, प्रेमलाल, राजकुमार इत्यादि ने बताया कि साधन सहकारी समिति कंधरपुर में विगत 3 दिनों से डी ए पी खाद की बिक्री चल रही है। बोरी पर अधिकतम बिक्री मूल्य 1200 रुपये लिखा हुआ है किन्तु कर्मचारी अपने मनमाने तरीके से नए रेट से अधिक 1350 रुपए में किसानों को डीएपी दे रहे हैं। विरोध करने पर खाद न देने की धमकी दी जा रही है। गुरुवार को साधन सहकारी समिति कंधरपुर में डीएपी की बिक्री की जा रही थी मनमाने तरीके से पैसे वसूलने पर जब किसानों ने इसकी सूचना उपजिलाधिकारी डलमऊ को दी तो मौके पर पहुंचे एडीओ कोऑपरेटिव ने किसानों को शान्त कराया व अधिक लिए गए मूल्य को वापस कराने की बात कही किन्तु दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गई।

प्रदेश सरकार भले ही किसानों की आय दोगुनी करने की बात कर रही हो लेकिन कर्मचारियों की मनमानी रवैया की वजह से किसानों का शोषण किया जा रहा है। मजबूरी में किसान मनमाने तरीके से खाद खरीदने को मजबूर हैं।

उपजिलाधिकारी डलमऊ जीत लाल सैनी ने बताया कि शिकायत मिली है, जांच कराई जा रही है, कार्यवाही की जाएगी।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News