लखनऊ 04 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
शनिवार 03 नवम्बर को प्रेस क्लब लखनऊ में सर्वोदय भारत पार्टी पार्टी की सभा हुई जिसकी अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश नारायण पाण्डे ने की। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव पी• के• सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजवंशी तथा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष निर्मल दर्शन उपस्थित थे।
सभा में पार्टी के अधिकारियों ने अपने अपने पदों का पदभार ग्रहण किया। उत्तर प्रदेश के पदाधिकारी - अध्यक्ष सुधेश्वर श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष -डॉ• विनय पाण्डेय, सचिव शमीम हाशमी मांडे, कोषाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, अध्यक्ष महिला शक्ति अर्चना शर्मा तथा लखनऊ जनपद के पदाधिकारी - ज़िलाध्यक्ष पी• के• कुरील, ज़िला उपाध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार श्रीवास्तव, सचिव दिनेश चंद्र मिश्र, ज़िला कोषाध्यक्ष सुशील कुमार शुक्ल, अध्यक्ष युवाशक्ति मुकेश कुमार ने पदभार ग्रहण किया।
तत्पश्चात विविध राष्ट्रीय और लखनऊ के विषयों और मुद्दों पर चर्चा हुई। लखनऊ की कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की गयी और प्रदेश सरकार से माँग की गयी कि अधिकारियों की तैनाती में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का अनुपालन करे तथा पुलिस सुधार तुरंत लागू करे।
सबने एक स्वर से यह महसूस किया कि आज समय और देश की आवश्यकता है कि अच्छे चरित्रवान ईमानदार संवेदनशील लोग लोकसभा, विधानसभा तथा स्थानीय सरकारों में आएँ। तभी ये समयाएँ हल होंगी - चाहे कानून व्यवस्था हो, बेरोज़गारी हो, शिक्षा हो, दवाई और स्वास्थ्य की व्यवस्था हो, खराब खस्ताहाल सड़कें हों, जलभराव हो, बिजली पानी हो, किसानों को उनके उत्पादन का दाम हो या कोई भी जरूरी मुद्दा।
खुशहाल भारत के हमारे, आपके तथा शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए इस अभिनव प्रयोग की आवश्यकता है। भारत का संविधान पारित करते समय बाबू राजेन्द्र प्रसाद और डॉ• अम्बेडकर दोनों ने 26 नवम्बर 1949 को कहा था कि अगर अच्छे चरित्रवान संवेदनशील ईमानदार लोग चुनकर नहीं आएँगे तो अच्छा संविधान भी देश को खुशहाल नहीं कर पाएगा। उन्होंने दुहरी जिम्मेदारी दी थी: अच्छे लोगों को, कि वे चुनाव में प्रत्याशी बनें और भारत के लोगों को कि वह ऐसे लोगों को जिताए।
इसके लिए जरूरी है कि चुनाव खर्चीला न हो। जो भी बहुत अधिक धन, करोड़ों रूपये खर्च करके चुनाव जीतेगा, चाहे वह रूपया व्यक्ति का हो या पार्टी का हो वह उससे कई गुना कमाएगा और उसी में लगा रहेगा। जनता और उसकी सेवा और समस्यायें सुलझाना उसके लिए गौड़ हो जाएगा। इसके लिए कम पैसे में चुनाव का एक नया मॉडल पेश होना होगा।
सर्वोदय भारत पार्टी की इस सभा में तय किया गया कि 2019 के लोकसभा चुनाव में पूरे देश के अधिकांश लोकसभा सीटों पर अच्छे, चरित्रवान, ईमानदार, संवेदनशील लोगों को प्रत्याशी बनाया जाएगा जो जनता के सहयोग से कम से कम पैसे में इसी मॉडल के अनुसार चुनाव लड़ेंगे ताकि वे सच्चे अर्थों में जन प्रतिनिधि बन सकें।
राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश नारायण पाण्डेय आगामी 2019 के लोक सभा चुनाव में लखनऊ से प्रत्याशी होंगे। डॉ• विनय गोरखपुर से, एस• सी• द्विवेदी देवरिया से और राजेश गिरि मेरठ से प्रत्याशी होंगे। सभी पदाधिकारी और उपस्थित सदस्यगण अभूतपूर्व जोश में थे और सबने गिरीश नारायण पाण्डेय तथा अन्य सभी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने का पूरा विश्वास दिलाया। इस सभा में प्रदेश और लखनऊ जनपद के पदाधिकारियों के अलावा मेरठ मंडल के मंडलध्यक्ष राजेश गिरि, मिर्ज़ापुर के मंडलध्यक्ष आर• एस• मिश्र, बरेली मंडल के अध्यक्ष मोहित सिन्हा, देओरिया के ज़िलाध्यक्ष उपस्थित रहे और सबने अपनी बात रखी। इसके अतिरिक्त विजय पाण्डेय, देवकी नंदन शांत, राम बाबू गंगवार, के• एम• श्रीवास्तव, अम्बुज मिश्रा तथा अन्य जिलों से आए ढेर सारे सदस्य और कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सहभागिता की। वहीं देवकी नंदन शान्त ने धन्यवाद ज्ञापित किया।