नितिन गडकरी 15 नवंबर को मुम्‍बई में ‘टीओटी परियोजनाओं’ पर आयोजित रोड शो में शिरकत करेंगे



नई दिल्ली/मुम्बई, 13 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

केन्‍द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, शिपिंग, जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी 15 नवंबर को मुम्‍बई में टोल-ऑपरेट-ट्रांसफर (टोल वसूलो, चलाओ, हस्‍तांतरित करो यानी टीओटी) परियोजनाओं के दूसरे समूह (बंडल) पर आयोजित किए जाने वाले रोड शो में शिरकत करेंगे। यह रोड शो मुम्‍बई में सहार एयरपोर्ट रोड के निकट अवस्थित होटल हयात रीजेंसी में राष्‍ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा आयोजित किया जाएगा। इस रोड शो का उद्देश्‍य टीओटी परियोजनाओं का हिस्‍सा बनने के लिए संभावित निवेशकों को आमंत्रित करना है। एनएचएआई ने इसी वर्ष अगस्‍त और सितंबर में नई दिल्‍ली, न्‍यूयॉर्क और टोरंटो में सफलतापूर्वक रोड शो आयोजित किए हैं।

टीओटी पहले से ही परिचालित की जा रही राष्‍ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के मुद्रीकरण का एक विशिष्‍ट मॉडल है। इसके तहत निवेशक सुदृढ़ टोल प्रणाली के जरिए लंबे समय तक टोल वसूली का अधिकार प्राप्‍त करने के एवज में एकमुश्‍त राशि का भुगतान करते हैं। इसके लिए टोल संग्रह से जुड़ी रियायत अवधि 30 साल है। रियायत अवधि के दो वर्षों तक 49 प्रतिशत तक बिक्री की अनुमति है। दो वर्षों के बाद 10 प्रतिशत तक स्‍वामित्‍व परिवर्तन की अनुमति है। निवेशक को किसी भी तरह का निर्माण करने का जोखिम नहीं उठाना पड़ता है। आवश्‍यकता पड़ने पर एनएचएआई की ओर से अपनी लागत पर क्षमता संवर्धन किया जाएगा।

आंध्र प्रदेश और गुजरात में लगभग 681 किलोमीटर की लंबाई वाली नौ परियोजनाओं के प्रथम टीओटी समूह (बंडल) का ठेका वर्ष 2018 में दिया गया। इसमें विदेशी निवेशकों ने काफी रुचि दिखाई थी। टीओटी बंडल-I का ठेका मैक्वायर को 9681 करोड़ रुपये में दिया गया था जो इस प्राधिकरण के अनुमान से डेढ़ गुना अधिक था।

अब चार राज्‍यों यथा राजस्‍थान, गुजरात, पश्चिम बंगाल और बिहार में फैली 586 किलोमीटर से अधिक की लंबाई वाली परियोजनाओं के दूसरे समूह (बंडल) की पेशकश की गई है। इस पेशकश के तहत चार राजमार्गों पर 12 टोल प्‍लाजा शामिल हैं।

इसके लिए बोलियां दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 दिसंबर, 2018 है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News