गाजीपुर, 17 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
केन्द्र सरकार के विकास कार्यों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज गाजीपुर के आरटीआई मैदान से "कमल संदेश बाइक रैली" का विशेष आयोजन हुआ। रैली में भारी संख्या में लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज की। गाजीपुर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद व केन्द्र सरकार में मंत्री मनोज सिन्हा ने गाजीपुर के आरटीआई मैदान से "कमल संदेश बाइक रैली" को झण्डी दिखाकर शुभारंभ कर रैली का नेतृत्व किया। हजारों की संख्या में लोग बाइक सहित इस रैली का हिस्सा बने।
अपने सम्बोधन श्री सिन्हा ने कहा कि कमल संदेश बाइक रैली की ऐतिहासिक सफलता के लिए गाजीपुर भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता साथियों, मित्रों और शुभचिंतकों का हार्दिक आभार। पार्टी ने लक्ष्य निर्धारित किया था कि हर मतदान केंद्र से पांच कार्यकर्ता साथी इस रैली में आयें लेकिन कार्यकर्ताओं के परिश्रम व उत्साह के कारण लक्ष्य से अधिक कार्यकर्ता इस रैली में आए। जिला अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, लोकसभा प्रभारी केदारनाथ सिंह, लोकसभा संयोजक प्रभुनाथ चौहान, रैली के संयोजक विपिन सिंह, सभी विधायक, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, सेक्टर संयोजक, बूथ अध्यक्ष तथा इस कार्यक्रम में लगे पार्टी के सभी मोर्चा प्रमुखों ने पूरे मनोयोग से कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। ऐसे सभी लोगों का मैं आभारी हूँ। मैं उम्मीद करता हूं कि आगे भी पार्टी के सभी कार्यक्रमों को इसी तरह से सफल बनाने में अपना योगदान देंगे।