साईकिल अभियान : दल ने 24 दिनों में लगभग 1000 किलोमीटर की दूरी तय की



चंडीगढ़/हिमाचल प्रदेश, 09 जुलाई 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

पश्चिमी कमान के डोगरा रेजिमेंट के बहादुर सैनिकों ने हिमाचल प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में एक साईकिल अभियान चलाया। इस अभियान दल ने 24 दिनों में लगभग 1000 किलोमीटर की दूरी तय की। अभियान के तीन उद्देश्य थे। दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले पूर्व सैनिकों, युद्धवीरों और वीर नारियों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करना इसका पहला उद्देश्य था। स्थानीय बच्चों और युवाओं से मिलकर उन्हें भारतीय सेना में शामिल करने के लिये प्रेरित करना इसका दूसरा उद्देश्य था। वहीं, सैनिकों में साहसिक कार्यों के प्रति उत्साह भरना इस अभियान दल का तीसरा उद्देश्य था। एक अधिकारी, एक जेसीओ और 10 अन्य रैंकों के इस अभियान दल को 15 जून, 2019 को शिमला से झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। अंतिम रूप से 8 जुलाई, 2019 को चंडीगढ़ पहुंचने से पहले इस अभियान दल ने नारकंडा, रामपुर, करछम, पूह, सूमडों, काजा, मनाली, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर और नालागढ़ होते हुए यात्रा की। यात्रा के दौरान, अभियान दल ने दो दुर्गम पर्वतीय पास - कुंजुम ला (15060 फीट) और रोहतांग ला (13050 फीट) की चढ़ाई पूरी की और प्रसिद्ध चंद्र ताल झील (14100 फीट) को भी देखा। इस दल ने 6 जुलाई, 2019 को बिलासपुर में वीर नारियों और पूर्व सैनिकों की बैठक आयोजित की। अभियान का मार्ग देश के सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण मार्गों में शामिल है और यह मानवीय सहनशीलता और साहस की सच्ची परीक्षा है। इस प्रकार के एक बहुविध अभियान को शुरू करना और सफलतापूर्वक पूरा करना भारतीय सेना का एक मानक होने के साथ-साथ इसके सैनिकों की युद्धक क्षमता का परिचायक भी है।

पश्चिमी कमान के सैन्य कमांडर ले• जन. सुरिन्दर सिंह ने 8 जुलाई को चंडी मंदिर में साईकिल अभियान का विधिवत स्वागत किया और अभियान दल की सराहना की।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
राष्ट्रीय विशेष
  India Inside News