वाराणसी-उत्तर प्रदेश,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
नव वर्ष पर भूमिहार समाज की महिलाओं का शनिवार को दुर्गाकुण्ड स्थित बत्रा बंक्विट हाल में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने खूब धमाल मचाया। इस अवसर पर कार्यक्रम की संयोजक अधिवक्ता राजलक्ष्मी राय एवं शालिनी सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रवंचित महिलाओं को समाज की मुख्य धारा से जोड़ना है। आज जो महिलाएं घर मे रहकर चुल्हा चौका करती हैं या कर रही हैं, उन्हें बाहर लाना है।
उन्हें यह बताना है कि घर के इतर समाज में बहुत से ऐसे कार्य या जिम्मेदारियां हैं जो उन्हें पूरा करना है। उन्होंने बताया कि आज समाज में महिलाओं के साथ जो अनैतिक कार्य किये जा रहे हैं, उनका विरोध करना हर महिला का कर्त्तव्य है। ऐसे में हर महिला को हम एक दूसरे से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। ताकि मुसीबत या कठिन वक्त में वे एक दूसरे के साथ खड़ी हो सकें।
इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परी सिंह के नृत्य एवं मंजुला चौधरी की कविता ने खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के दीपप्रज्वलन से हुआ। इसके बाद सभी महिलाओं ने मिलकर एक दूसरे का साथ देने का संकल्प लिया। अध्यक्षता राजलक्ष्मी राय एवं संचालन शालिनी सिंह ने किया। कार्यक्रम में रमा राय, सुनीता राय, इंद्रा राय, पूनम सिंह, मंजू सिंह, अंजना सिंह, इंदु सिंह, शिप्रा राय आदि लोग उपस्थित रहीं।