वाराणसी-उत्तर प्रदेश,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
• वाराणसी में कुछ स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए पेन एंड पेपर मोड (ओएमआर आधारित) से परीक्षा का आयोजन
• अब तक चार लाख से ज़्यादा आवेदन प्राप्त हुए
शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातक (25) और स्नातकोत्तर (131) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस, बसंत पंचमी, अर्थात 30 जनवरी 2020 से प्रारम्भ हुई और ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 29 फरवरी 2020 तक निर्धारित थी। शैक्षणिक सत्र 2020-21 हेतु अब तक विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए चार लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। विश्वविद्यालय ने विभिन्न इंटरमीडिएट बोर्डों की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 29 फरवरी 2020 से बढ़ाकर 12 मार्च 2020 तक करने का निर्णय लिया है।
इस वर्ष, विश्वविद्यालय ने विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए देश भर के 202 शहरों में 26 अप्रैल 2020, 10 मई 2020 और 18 मई से 29 मई 2020 तक कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की योजना बनाई है। देश भर में बड़ी संख्या में शहरों में सुरक्षित वातावरण में सीबीटी मोड से परीक्षा का आयोजन अभ्यर्थियों को सुगमता प्रदान करेगा और बीएचयू में छात्र समुदाय की विविधता में वृद्धि करेगा। ओएमआर आधारित परीक्षा प्रणाली के विपरीत, सीबीटी मोड अभ्यर्थी को परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी समय माउस के एक क्लिक के साथ किसी भी प्रश्न के उत्तर को बदलने के लिए सुविधा प्रदान करता है। यह सुविधा पेन-पेपर (ओएमआर आधारित) मोड में उपलब्ध नहीं थी। जहाँ ओएमआर प्रणाली में गोल घेरा रंगने में अभ्यर्थी का काफी समय व्यतीत होता है वहीं सीबीटी प्रणाली अभ्यर्थी के बहुमूल्य कार्य समय की भी बचत करता है। सीबीटी के साथ अभ्यर्थियों को परिचित करने के लिए, बीएचयू के प्रवेश परीक्षा पोर्टल - www.bhuonline.in पर एक सीबीटी मैनुअल (अंग्रेजी और हिंदी में) भी उपलब्ध कराया गया है। प्रवेश परीक्षा पोर्टल पर सीबीटी मॉक टेस्ट लिंक भी दिया गया है जिस पर अभ्यर्थी सीबीटी प्रणाली में परीक्षा/अभ्यास करने के लिए जा सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थी जो पहली बार सीबीटी प्रणाली में परीक्षा देने जा रहे हैं, वे सीबीटी मैनुअल देख सकते हैं और प्रवेश परीक्षा पोर्टल पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से मॉक टेस्ट का अभ्यास कर सकते हैं। चूंकि मॉक टेस्ट वास्तविक सीबीटी प्रणाली की प्रतिकृति है, इस पर अभ्यास करने से उन्हें सीबीटी मोड की सुगमता का अनुमान लगाने का अवसर मिलेगा।
■ स्नातक प्रवेश परीक्षा (यूईटी) - 2020 सूचना बुलेटिन में, धारा 11 की टिप्पणी 2 (ii) के अंतर्गत निम्नलिखित नीति घोषित की गई है :
“यदि सीबीटी के लिए किसी शहर में स्थित परीक्षा केन्द्र हेतु आवेदन करने वाले आवेदकों की संख्या संबंधित शहर में सीबीटी आयोजित करने के लिए उपलब्ध अवसंरचनात्मक क्षमता से अधिक होगी, तो किसी वैकल्पिक शहर का आवंटन आवेदक द्वारा इंगित वरीयता के क्रम में किया जाएगा। यदि आवेदकों का समायोजन प्राथमिकता वाले वैकल्पिक शहरों में भी संभव नहीं होगा, तो विश्वविद्यालय को ऐसे आवेदकों की परीक्षा सीबीटी मोड से पेन और पेपर मोड (ओएमआर आधारित) में परिवर्तित करने का अधिकार होगा ताकि आवेदकों को एक शहर से दूसरे शहर की लम्बी यात्रा न करनी पड़े। इस स्थिति में, प्रवेश परीक्षा दोनों मोड में एक ही तिथि, एक ही समय और एक ही प्रश्न पत्र के माध्यम से आयोजित की जाएगी।"
वर्तमान आवेदन के आंकड़ों से यह पाया गया है कि निम्नलिखित स्नातक पाठ्यक्रमों हेतु प्रवेश परीक्षा के लिए परीक्षा केन्द्र के विकल्प के रूप में वाराणसी शहर को प्राथमिकता देने वाले आवेदकों की संख्या वाराणसी में सीबीटी आयोजित करने की क्षमता से अधिक हो गई है :
1. बीए (ऑनर्स) - आर्ट्स, (कोड- 131)
2. बीए (ऑनर्स) - सामाजिक विज्ञान, (कोड- 132)
3. बीएससी (ऑनर्स) - मैथ्स, (कोड- 181)
4. बीएससी (ऑनर्स) - बायो, (कोड- 182)
5. बीएससी (ऑनर्स) - कृषि, (कोड- 135)
6. एलएल.बी. (ऑनर्स), (कोड- 151)
7. बी.ए. एलएल.बी., (कोड- 137)
8. बी.एड. कोड – (564) एण्ड बी.एड. (स्पेशल) कोड- (716)
9. बी.एड. कोड – (565) एण्ड बी.एड. (स्पेशल) कोड- (717)
10. बी.एड. कोड – (567) एण्ड बी.एड. (स्पेशल) कोड- (718)
11. बी.एड. कोड – (568) एण्ड बी.एड. (स्पेशल) कोड- (719)
12. बी. काम. (ऑनर्स ) / बी. काम. (ऑनर्स ) ऍफ़ एम् एम् कोड – (133)
आवेदकों को एक शहर से दूसरे शहर की लम्बी यात्रा न करनी पड़े, इसके लिए विश्वविद्यालय ने पूर्वोक्त उद्धृत नीति के अनुरूप उपरोक्त स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा उसी तिथि और समय पर उसी प्रश्नपत्र के माध्यम से वाराणसी केंद्र पर पेन और पेपर मोड (ओएमआर आधारित) में भी आयोजित करने का निर्णय लिया है।
अन्य सभी परीक्षा केंद्रों (शहरों) में, निर्धारित पाली में आवेदकों की संख्या सीबीटी आयोजित करने की उनकी उपलब्ध अवसंरचनात्मक क्षमता के भीतर है। इसलिए, वाराणसी को छोड़कर अन्य शहरों में स्थित केन्द्रों पर प्रवेश परीक्षा सीबीटी मोड में ही आयोजित की जाएगी।
ऐसे अभ्यर्थी जो आत्मविश्वास की कमी के कारण सीबीटी मोड का चयन कर पूर्वोक्त स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन पत्र नहीं भर सके, लेकिन अभी भी ऑफ़लाइन परीक्षा मोड (केवल पूर्वोक्त पाठ्यक्रमों के लिए) में सम्मिलित होने के इच्छुक हैं वे वाराणसी को सर्वाधिक पसंदीदा परीक्षा केन्द्र के रूप में चुनकर विस्तारित अवधि (12 मार्च 2020 तक) के दौरान ऐसा कर सकते हैं।