--हरेन्द्र शुक्ला,
वाराणसी-उत्तर प्रदेश, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● प्रो• वीरभद्र मिश्र घाट पर संकटमोचन फाउंडेशन के संस्थापक प्रख्यात पर्यावरणविद् गोलोकवासी प्रो• वीरभद्र मिश्र की पुण्यतिथि के पूर्व संध्या पर दीपदान
भारत की जीवन रेखा माँ गंगा के प्रदूषण से मुक्ति के लिए चार दशक पूर्व संकटमोचन फाउंडेशन के माध्यम से आवाज उठाने वाले संस्थापक अध्यक्ष, संकटमोचन मंदिर के महंत, आई टी बीएचयू सिविल इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष रहे प्रख्यात पर्यावरणविद् गोलोकवासी प्रो• वीरभद्र मिश्र की पुण्यतिथि के पूर्व संध्या पर गुरुवार को काशी के प्रो• वीरभद्र मिश्र घाट पर उतर प्रदेश पूर्वांचल विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राज्य मंत्री डा• दयाशंकर मिश्र 'दयालु' के नेतृत्व में दीपदान किया गया। इस अवसर पर राज्य मंत्री डा• दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि स्व• मिश्र के पर्यावरण संरक्षण और माँ गंगा की स्वच्छता के लिए चलाए गए अभियान को पूरी दुनिया ने देखा है। काशी के ऐसे महान सपूत थे जिन्होंने आजीवन काशी, माँ गंगा केे लिए संघर्ष किया। उनका संपूर्ण जीवन देश की सांस्कृतिक विरासतों को सहेजने में गुजर गया।
इस अवसर पर स्व• प्रो• वीरभद्र के छोटे सुपुत्र बीएचयू सर सुन्दरलाल अस्पताल के पूर्व चिकित्सा अधीक्षक एवं न्यूरोलाजी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डा• विजयनाथ मिश्र ने कहा कि बाबूजी ने पर्यावरण संरक्षण और माँ गंगा की स्वच्छता के लिए जो बीड़ा उठाया था वह आज भी जारी है। उन्होंने कहा कि जब तक गंगा जी में गिराये जा रहे नालों और सीवेज बंद नहीं किया जाएगा तब तक गंगा जी की स्वच्छता की बात करना बेमानी होगी।
इस अवसर पर लोगों ने सैकड़ों दीपों को माँ गंगा को समर्पित कर स्व• मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जदयू युवा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद सिंह पटेल, भाजपा नेता जितेन्द्र कुशवाहा, शैलेश तिवारी, शिव विश्वकर्मा, विदुषी मिश्रा, श्रुति मिश्रा, गौरी मिश्रा, रजत मिश्रा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।