नौनिहालों के शैक्षणिक विकास हेतु एनसीएल बीना का योगदान



---हरिओम पांडेय, सोनभद्र, 06 मई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

◆ सीएसआर के तहत माध्यमिक विद्यालय, बांसी में दिए 40 दो सीटर डेस्क-बेंच सेट

एनसीएल अपने निगमित सामाजिक दायित्व कार्यक्रम के अंतर्गत समय-समय पर स्थानीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के अध्यापन में सहायक फर्नीचर, स्टेशनरी, खेल-सामग्री एवं संगीत उपकरण आदि वितरित करती है। इसी क्रम में कंपनी के बीना क्षेत्र ने शनिवार को अपनी सीएसआर योजना के तहत माध्यमिक विद्यालय, बांसी में 40 दो सीटर डेस्क-बेंच सेट दिए। फर्नीचर वितरण कार्यक्रम का आयोजन बीना क्षेत्र की प्रेरणा महिला समिति के सहयोग से किया गया, जिसमें समिति की अध्यक्षा श्रीमती विजयलक्ष्मी राय बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थीं।
डेस्क-बेंच वितरण से पहले स्कूल में विद्यार्थियों के बैठने हेतु समुचित फर्नीचर की व्यवस्था नहीं थी। इसी कमी को पूरा करने के उद्देश्य से बीना क्षेत्र ने विद्यालय में डेस्क-बेंच सेट दिए। नई डेस्क-बेंचें पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यालय के अध्यापक-अध्यापिकाओं ने उनके विद्यालय के विकास में योगदान देने हेतु बीना क्षेत्र की सीएसआर टीम एवं प्रेरणा महिला समिति की सदस्याओं का आभार जताया। साथ ही, उन्होंने बीना सीएसआर टीम से विद्यालय के भवन की मरम्मत और विद्यालय में शौचालय के निर्माण का आग्रह किया।
प्रेरणा महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती विजयलक्ष्मी राय ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि संपूर्ण शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी जरूरी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए फर्नीचर के आगमन से अब विद्यार्थी पूरे मनोयोग से पढ़ाई कर सकेंगे, जिससे उनकी शैक्षणिक योग्यता में निखार आएगा।
सीएसआर टीम ने विद्यालय के अध्यापक/अध्यापिकाओं और विद्यार्थियों से फर्नीचर का समुचित उपयोग एवं रखरखाव करने की अपील की, ताकि विद्यार्थी लंबे समय तक उनका प्रयोग कर सकें। बीना क्षेत्र के स्टाफ अधिकारी (कार्मिक) योगेश सिंह ने विद्यालय के विकास हेतु स्कूल प्रशासन की ओर से की गई मांगों पर यथासंभव मदद करने का आश्वासन दिया।
फर्नीचर वितरण कार्यक्रम में बीना क्षेत्र के क्षेत्रीय वित्त प्रबंधक कंदास्वामी, सहायक प्रबंधक (सामुदायिक विकास) गोविंद कुमार राय और कल्याण अधिकारी देवपाल साई उपस्थित थे।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News