---हरिओम पाण्डेय, 12 मई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● डी•जी•एम•एस•, कंपनी प्रबंधन और श्रमिक एवं अधिकारी संघों के प्रतिनिधियों के बीच एनसीएल की 42वीं कंपनी स्तरीय त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में खान सुरक्षा को बेहतर करने के उद्देश्य से शुक्रवार 11 मई 2018 को खान सुरक्षा महानिदेशालय (डी•जी•एम•एस•), एनसीएल प्रबंधन और श्रमिक एवं अधिकारी संघ प्रतिनिधियों के बीच 42वीं कंपनी स्तरीय त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति का आयोजन हुआ। एनसीएल मुख्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक पी• के• सिन्हा ने की।
बैठक में डीजीएमएस की ओर से खान सुरक्षा महानिदेशालय उत्तरीय अंचल, गाजियाबाद के उपमहानिदेशक एम• सत्यमूर्ति एवं खान सुरक्षा महानिदेशालय, वाराणसी के निदेशक (खनन) यू• पी• सिंह और एनसीएल प्रबंधन की ओर से निदेशक (तकनीकी/संचालन) गुणाधर पाण्डेय, निदेशक (वित्त) पी•एस•आर• के• शास्त्री एवं निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) पी• एम• प्रसाद ने भाग लिया। साथ ही, एनसीएल के विभिन्न श्रमिक संघ प्रतिनिधियों के रूप में अरुण कुमार, अशोक दूबे, उमेश कुमार सिंह, बेचू लाल, अजय कुमार एवं जिन्ना खान और सीएमओएआई की ओर से तारकेश्वर प्रसाद एवं सर्वेश सिंह ने भाग लिया।
एनसीएल में खान सुरक्षा की बेहतरी हेतु क्षेत्रीय (एरिया) स्तर पर भी त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक की जाती है। इस वर्ष कंपनी के प्रत्येक क्षेत्र में क्षेत्र स्तरीय त्रिपक्षीय सुरक्षा बैठक आयोजित करने के बाद यह कंपनी स्तरीय त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति बैठक आयोजित की गई है। बैठक में एनसीएल प्रबंधन, श्रमिक एवं अधिकारी संघ प्रतिनिधियों और खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) ने मिलकर कंपनी के सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करने के साथ उन्हें और भी बेहतर करने के उपायों पर व्यापक चर्चा की।
बैठक में नए कोल माइंस रेग्युलेशन, 2017 के तहत अपने सेफ़्टी मैनेजमेंट प्लान (एसएमपी) में बदलाव लाकर उसे जल्द से जल्द लागू करने, खान सुरक्षा हेतु सभी खदान कर्मियों की अच्छी फिटनेस और उनके अच्छे मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य हेतु कंपनी की सभी खदानों में खदान कर्मियों का नियमित मेडिकल किए जाने की व्यवस्था करने पर व्यापक चर्चा की गई। साथ ही, खान सुरक्षा में कार्यस्थलीय साफ-सफाई की महत्ता पर विशेष ज़ोर दिया गया। कार्यस्थलीय साफ-सफाई के तहत खदानों में शौचालयों, कैंटीन एवं रेस्ट शेल्टरों की और भी बेहतर सफाई रखने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में 41वीं कंपनी स्तरीय त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक में की गई अनुशंसाओं पर कार्यवाही और 11वीं राष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन की अनुशंसाओं पर की गई कार्यवाही की समीक्षा भी की गई। इस बैठक की खास बात यह रही कि कंपनी स्तरीय त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति बैठक में पहली बार अधिकारी संघ प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया।
एनसीएल के महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) वी• के• अग्रवाल ने बैठक में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का स्वागत कर उन्हें धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में एनसीएल मुख्यालय के सभी विभागों के विभागाध्यक्ष और सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधक गण भी उपस्थित थे।