वाराणसी, 28 सितम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक श्रीकाशी विश्वनाथ कारिडोर के लिए ढहाये जा रहे भवन की धमक से श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के स्वर्ण शिखर के सोने का एक हिस्सा बाहर निकल गया। मामले की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे कार्यपालक अधिकारी ने भवन तोड़ने का कार्य एहतियात के तौर पर तत्काल रोकवा दिया।
जांच में यह पाया गया कि मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए भंडार गृह (रसोई घर) को तोड़ा जा रहा था। इसी बीच भवन तोड़ाई की धमक से बाबा के मंदिर का स्वर्ण शिखर के उतर -पश्चिम के कोने से लगभग 12 इंच लंम्बा और 6 इंच चौड़ा सोने का पत्तर बाहर निकल गया। भंडार गृह तोड़े जाने की धमक से बाबा के शिखर पर लगा उत्तर व पश्चिम के कोने का सोना निकल गया। मंदिर प्रशासन ने तत्काल क्षतिग्रस्त सोने के टुकड़े को मंदिर के कैंप कार्यालय के लॉकर में रखवा दिया। शिखर से सोने का पत्तर निकलने की सूचना के बाद पंडे पुजारियो के बीच हड़कंप मच गया।