मुम्बई, 09 मार्च 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● पीएफआरडीए ने फिक्की के साथ मिलकर कंपनियों के लिए राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) पर एक सम्मेलन आयोजित किया ; एनपीएस-निजी क्षेत्र के अंतर्गत 6 मार्च 2018 तक 13.16 लाख से अधिक ग्राहक पंजीकृत
पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) ने कंपनियों के बीच एनपीएस को बढ़ावा देने के अपने प्रयास के तहत देश के विभिन्न स्थानों पर एनपीएस कार्यशालाएं आयोजित करने की शुरूआत की है। पीएफआरडीए ने फिक्की की महाराष्ट्र राज्य परिषद के साथ मिलकर कल मुंबई में एक कॉरपोरेट सम्मेलन आयोजित किया।
फिक्की महाराष्ट्र राज्य परिषद के अध्यक्ष और सेंट्रम ग्रुप के कार्यकारी अध्यक्ष जसपाल बिन्द्रा ने अपने स्वागत भाषण में देश भर में ऐसी बैठकें आयोजित करने और एनपीएस के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए पीएफआरडीए के प्रयासों की सराहना की, जो कंपनियों के लिए एक प्रभावी मंच हो सकता है, जिसके जरिए कंपनियां अपने कर्मचारियों को पेंशन प्रदान कर वृद्धावस्था में उनकी आय संबंधी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती हैं।
पीएफआरडीए के कार्यकारी निदेशक ए• जी• दास ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और उन्हें वृद्धावस्था आय सुरक्षा के लिए एनपीएस की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश के बदलते परिवेश में पेंशन एक ऐसा महत्वपूर्ण कारक है जिसके बारे में सभी को सोचना चाहिए। सरकार द्वारा संवर्धित राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवानिवृत्ति के लिए बचत करने का मंच प्रदान करती है। उन्होंने उपस्थित जन समूह से आग्रह किया कि वे न केवल कर लाभ के लिए एनपीएस के बारे में सोचें बल्कि उसे एक ऐसा उत्पाद समझें जो बाजार से जुड़ा मुनाफा दिला सकता है और वृद्धावस्था में उनकी नियमित आमदनी करवा सकता है।
इंदिरा गांधी विकास अनुसंधान संस्थान के प्रोफेसर डॉ• सूसन थॉमस ने सेवानिवृत्ति की बचत के रूप में एनपीएस की भूमिका के बारे में उपस्थित प्रतिनिधियों को जानकारी दी और इसकी शुरूआती भूमिका, वर्तमान छूट और एनपीएस को ग्राहकों के बीच अधिक स्वीकार्य बनाने के लिए जिन नीतिगत मुद्दों को सुलझाने की आवश्यकता है, उन मुद्दों और देशभर में इसकी कवरेज बढ़ाने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने वृद्धावस्था में आय सुरक्षा की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि चिकित्सा क्षेत्र की प्रगति के कारण लोगों की आयु बढ़ रही है और उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन जीने की तैयारी कर लेनी चाहिए।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के वरिष्ठ महाप्रबंधक धनराज अंचन ने संगठन में एनपीएस करने की आवश्यकता और उसके फायदों की जानकारी दी। उन्होंने एनपीएस के अंतर्गत कंपनियों और कर्मचारियों को होने वाले फायदों की संक्षिप्त में जानकारी दी।
महाप्रबंधक मोनो एम• जी• फुकन ने एनपीएस के बारे में विस्तृत प्रस्तुति दी और इसकी विशेषताएं, लाभ तथा इसमें शामिल होने के बारे में कर्मचारियों और नियोक्ता को जानकारी दी।
सीआरए-एनएसडीएल, की एवीपी सुश्री कमलम वेंकटेशन ने एनपीएस के अंतर्गत कंपनियों और उसके कर्मचारियों के पंजीकरण के प्रवाह के बारे में प्रस्तुति दी।
कार्यशाला में करीब 140 कंपनियों के 220 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। मुंबई के पीओपी, पेंशन कोष और केन्द्रीय रिकॉर्ड किपिंग एजेंसी भी सम्मेलन में मौजूद थी।
पीएफआरडीए के अधिकारियों ने एनपीएस में शामिल होने, कर फायदों, पीओपी विवरण, समय सीमा, एनपीएस में सेवानिवृत्ति कोष के हस्तांतरण, वार्षिक वेतन आदि के संबंध में पूछे गए सवालों के जवाब दिए।
एनपीएस-प्राइवेट क्षेत्र के अंतर्गत 6 मार्च, 2018 तक 13.16 लाख से अधिक ग्राहक पंजीकृत किए जा चुके हैं।