मिर्जापुर, 11 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
सामाजिक बुराईयों के खिलाफ जंग लड़ रही ग्रीन गैंग के साहसी महिलाओं के बीच बीएचयू के न्यूरोलाजिस्ट प्रो• विजयनाथ मिश्र ने पहुंचकर समूह का हौसला बढ़ाया। मिर्जापुर जनपद के नक्सल प्रभावित क्षेत्र राजगढ़ में होप संस्था के नेतृत्व में ग्रीन ग्रुप की ग्रामीण महिलाओं ने नशाखोरी, जुआखोरी तथा महिलाओं के साथ अमर्यादित व्यवहार और हिंसा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आज भवानीपुर गांव में शराबखोरी के विरुद्ध मोर्चा खोली ग्रीन ग्रुप की सभा में बीएचयू के न्यूरोलाजिस्ट प्रो• विजयनाथ मिश्र उपस्थित होकर उनके साहसिक कार्य के लिए बधाई दिए।
इस अवसर पर प्रो• मिश्र ने कहा कि सामाजिक बुराईयों से लड़ने का जज्बा जो इन ग्रामीण महिलाओं में है उसको मैं प्रणाम करता हूं। सामाजिक जागरुकता से ही सामाजिक बुराईयों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में बेटियों के जन्म लेने पर ग्रीन ग्रुप के साथ मिलकर समारोह पूर्वक जश्न मनाया जायेगा। बेटियाँ समाज के लिए वरदान है।