प्रधानमंत्री 14 और 15 जुलाई, 2018 को पूर्वी उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे



नई दिल्ली/लखनऊ, 13 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र 14 और 15 जुलाई, 2018 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी, आजमगढ़ और मिर्जापुर जिलों का दौरा करेंगे।

प्रधानमंत्री 14 जुलाई को आजमगढ़ में 340 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की आधारशिला रखेंगे। यह सड़क राजधानी लखनऊ सहित बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर जैसे पूर्वी उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक शहरों को जोड़ेगा। जब यह एक्सप्रेसवे तैयार हो जाएगा तब दिल्ली एक्सप्रेसवे के जरिए पश्चिम में नोएडा से लेकर पूरब में गाजीपुर तक के उत्तर प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों से जुड़ जाएगी।

प्रधानमंत्री वाराणसी में 900 करोड़ रुपये की कुछ परियोजनाओं को समर्पित करेंगे और कुछ की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री वाराणसी सिटी गैस वितरण परियोजना और वाराणसी-बलिया ईएमयू ट्रेन को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री पंचकोशी परिक्रमा मार्ग और स्मार्ट सिटी मिशन एवं नमामि गंगे के तहत कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री वाराणसी में एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केन्द्र की भी आधारशिला रखेंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक अलग कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में ‘मेरी काशी’ शीर्षक पुस्तक जारी करेंगे।

प्रधानमंत्री 15 जुलाई को मिर्जापुर जाएंगे, जहां वे राष्ट्र को बनसागर नगर परियोजना समर्पित करेंगे। इस परियोजना से इलाके में सिंचाई को बढ़ावा मिलेगा, जिससे उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर और इलाहाबाद जिलों के किसानों को काफी फायदा पहुंचेगा।

इसी कार्यक्रम में नरेन्द्र मोदी मिर्जापुर मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री राज्य में 108 जन औषधि केन्द्रों का उद्घाटन करेंगे। बालूघाट, चुनार में गंगा नदी पर बने पुल को भी समर्पित करेंगे, जो मिर्जापुर और वाराणसी शहर को जोड़ेगा।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News