जितेन्द्र मिश्रा, मुम्बई।
केन्द्र और राज्य सरकार की सहयोगी शिवसेना की सत्ता से हटने की धमकी के बावजूद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सरकार को कोई खतरा नहीं है क्योंकि शिवसेना के ही करीब 20 से 22 विधायक और 3 से 4 मंत्री शिवसेना छोड़ कर बीजेपी में जाने की कगार पर हैं। यह सनसनीखेज दावा निर्दलीय विधायक रवि राणा ने किया है। राणा ने कहा कि शिवसेना के अलावा राज्य के सभी 6 निर्दलीय विधायक सीएम के साथ हैं इसलिए सरकार को कोई खतरा नहीं है। इससे पहले राणा ने इसी वर्ष हुए राष्ट्रपति चुनाव में कांग्रेस-राकां के दर्जन भर विधायकों के क्रास वोटिंग करने की भविष्यवाणी की थी जो परिणाम आने पर सच साबित हुई थी इसलिए इस दावे को जानकार गंभीरता से ले रहे हैं। राणा ने अपने दावे के समर्थन में कहा कि शिवसेना के करीब 22 विधायक और 4 मंत्रियों को अक्सर सीएम के सरकारी निवास वर्षा बंगले में देखा जा सकता है। यदि दशहरा रैली में शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे सरकार से समर्थन वापसी की घोषणा करते हैं तो ये विधायक और मंत्री शिवसेना छोड़ कर बीजेपी में शामिल हो जाएंगे इसलिए शिवसेना के समर्थन वापसी के बावजूद देवेंद्र सरकार अल्पमत में नहीं आएगी। साथ ही 6 निर्दलीय विधायक सीएम के काम से खुश हैं वे भी सरकार को समर्थन देने को तैयार हैं।
निर्दलीय विधायक ने कहा कि राकां प्रमुख शरद पवार भी सीएम के साथ हैं। राज्य में जहां-जहां पवार का सत्कार होता है सीएम वहां उपस्थित रहते हैं। पवार की नजर में सीएम का कार्य संतोषजनक है इसलिए सरकार को कोई खतरा नहीं है।