काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में धूमधाम से मना स्वतन्त्रता दिवस



वाराणसी, 16 अगस्त 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में देश का 72वां स्वाधीनता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस उपलक्ष्य में अनेक स्थानों पर ध्वजारोहण कर विविध कार्यक्रम आयोजित किये गये। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डाॅ• नीरज त्रिपाठी ने प्रातः मालवीय भवन, एमफीथिएटर ग्राउण्ड, कुलपति आवास, केन्द्रीय कार्यालय एवं अन्तर्राष्ट्रीय छात्रावास पर ध्वजारोहण किया। एम्फीथिएटर ग्राउण्ड पर कुलसचिव ने परेड का निरीक्षण किया।

इस मौके पर अपने उद्बोधन में कुलसचिव डाॅ• त्रिपाठी ने देश को स्वतन्त्रता दिलाने वाले वीर शहीदों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वाधीनता के उपरान्त हमने शिक्षा, कृषि व आर्थिक क्षेत्र में उन्नति की है, हमें इसका संरक्षण, संवर्धन करते हुए देश के उत्थान की दिशा में योगदान देना होगा। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

इस अवसर पर एनसीसी के तीनों विंग के कैडेट्स की परेड का विसर्जन हुआ। समारोह में एयरो माॅडल उड़ाए गए। इस अवसर पर दिव्यांग छात्र-छात्राओं द्वारा देश भक्ति गीत प्रस्तुत किया गया।

सेन्ट्रल हिन्दू ब्वायज स्कूल के छात्रों द्वारा आकर्षक पिरामिड का प्रदर्शन किया गया, जब कि नरचर्स स्कूल के विद्यार्थियों ने कराटे व कम्फ्यू की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को मुग्ध कर दिया। सेन्ट्रल हिन्दू गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने देशभक्ति गीत की धुन पर नृत्य पेश कर सभी को झूमने पर विवश कर दिया। एनसीसी की छात्राओं ने भी आकर्षक नृत्य पेश किया।

संगीत एवं मंच कला संकाय के प्रो• विजय कपूर ने ‘वन्देमातरम्’ की मनोरम प्रस्तुति दी। इसके पश्चात् केन्द्रीय कार्यालय में ध्वजारोहण कुलसचिव द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सहायक सामान्य प्रशासन मुर्तजा आलम ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ सलाहकार डाॅ• के• पी• उपाध्याय, संजय कुमार, सहायक कुलसचिव बी• एस• विद्यार्थी आदि मौजूद थे। इसके उपरान्त विभिन्न छात्रावास, संकायों, संस्थानों सहित प्रमुख भवनों पर भी झण्डोत्तोलन किया गया।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News