भोजन देने वाला महान मगर उसे ग्रहण करने वाला उससे भी महान : मयंक नारायण सिंह



वाराणसी, 02 सितम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

॥■॥ भारतीय रोटी बैंक ने की पहल, हर रविवार परोसेगी स्वादिष्ट भोजन

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुन्दरलाल अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों के लिए शुरु कराए गए निःशुल्क भोजन के प्रयास में एक कड़ी रविवार को और जुड़ गई। अस्पताल की ओर से वितरित किए जा रहे भोजन में अब प्रत्येक रविवार को भारतीय रोटी बैंक स्वादिष्ट भोजन वितरित करेगा। इसका शुभारंभ विश्वविद्यालय के संयुक्त कुलसचिव डॉ• मयंक नारायण सिंह व संस्था के पदाधिकारियों ने जरुरतमंद लोगों को भोजन का पैकेट देकर किया। पिछले 23 हफ्तों से जरूरतमंदों को विभिन्न जगहों पर भोजन करा रही संस्था ने लोगों से स्वेच्छा से मदद करने की अपील की।

कुलसचिव डॉ• मयंक नारायण सिंह ने कहा कि भले ही यह प्रयास छोटा लग रहा हो मगर श्री राम ने लंका जाने के लिए छोटे पत्थरों से ही सेतु बनाया था। उन्होंने कहा कि इस प्रयास के लिए मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो• विजयनाथ मिश्र बधाई के पात्र है, जिन्होंने मरीजों की पीड़ा को महसूस कर यह अनोखा प्रयास शुरु किया। उन्होंने कहा काशी में एक कहावत प्रचलित है कि यहाँ अन्नपूर्णा की कृपा से कोई भूखा नहीं सोता तो शायद उस जमाने में भी 'भारतीय रोटी बैंक' जैसी संस्था रही होगी। उन्होंने कहा कि यह सत्य है कि भोजन देने वाला महान होता है मगर उसे ग्रहण करने वाला उससे भी महान होता है। यह खुशी की बात है कि अस्पताल मरीजों की सेवा करता ही है अब परिजनों की भी सेवा में कदम आगे बढ़ा रहा है। इस दौरान मयंक नारायण सिंह ने मरीजों व परिजन को बैठकर खाने के लिए दरी/आशन देने की घोषणा की।

रोटी बैंक बीएचयू शाखा की कार्यकर्ता आरती ने बताया कि हमारा उद्देश्य है कि सप्ताह में एक दिन हम लोग गरीबों को भोजन उपलब्ध कराएं और भोजन के साथ नाश्ता भी जैसे ब्रेड, बिस्किट,जैम पैक कराके दें। यहां बीएचयू में हमने देखा है कि बहुत गरीब मरीज होते है और उनके साथ अटेंडेंट भी आते है उनको भी हम लोग भोजन उपलब्ध कराते है आज हमने लगभग 200 पैकेट बांटे है और हमारा ये संकल्प है कि प्रत्येक रविवार यहां पर अपनी सेवा दें। हमारी शाखा सुंदरपुर में रुदेश्वर मन्दिर में है शाम 4 से 6 बजे तक प्रोग्राम होता है। जिसको जो योगदान करना, चाहता है उनका स्वागत है।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सहायक सुमिल तिवारी ने किया व धन्यवाद ज्ञापन सहायक कुलसचिव एवं प्रशासनिक अधिकारी सर सुन्दरलाल चिकित्सालय मनोज गुप्ता ने किया। इस दौरान संस्था की पदाधिकारियों संग अस्पताल के कर्मचारी मौजूद रहे।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News